ज्वेलरी व्यापारी की बीच बाजार में गोली मारकर हत्या, सोना-चांदी लूटकर 3 बदमाश फरार, व्यापारियों ने अस्पताल में पुलिस से शव छीना, दहशत का माहौल

Jewellery trader shot dead in the middle of the market, three criminals flee after looting gold and silver, traders snatch body from police at hospital, creating panic.

ज्वेलरी व्यापारी की बीच बाजार में गोली मारकर हत्या, सोना-चांदी लूटकर 3 बदमाश फरार, व्यापारियों ने अस्पताल में पुलिस से शव छीना, दहशत का माहौल

पेंड्रा-गौरेला-मरवाही : पेंड्रा जिले के कोटमी साप्ताहिक बाजार में बदमाशों ने सर्राफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी. दुकान बंद करते समय बदमाश प्रदीप सोनी से सोना-चांदी लूटने लगे. उन्होंने विरोध किया तो सीने पर गोली मार दी.  व्यापारी का सोना-चांदी लूटकर बदमाश फरार हो गए. मार्केट में अफरा-तफरी मच गई. हत्या के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है. परिजन और स्थानीय व्यापारियों ने अस्पताल में पुलिस से शव छीन लिया और सड़क जाम कर दिया. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कोशिश कर रही है. घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र की है.
मिली जानकारी के मुताबिक कोटमी में रहने वाले प्रदीप सोनी बाजार में ज्वेलरी की दुकान लगाते थे. मंगलवार शाम करीब सात बजे तीन युवक पल्सर बाइक में सवार होकर बाजार पहुंचे. बदमाश सीधे प्रदीप सोनी की दुकान पर पहुंचे और लूटपाट का प्रयास करने लगे. इस दौरान प्रदीप सोनी ने विरोध किया तो एक बदमाश ने नजदीक से उन पर गोली चला दी. गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े.
वारदात के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कई दुकानदारों ने तत्काल अपनी दुकानें बंद कर दीं. वारदात के दौरान बाजार में बड़ी तादाद में ग्रामीण और ग्राहक मौजूद थे. बदमाश बेहद बेखौफ थे और वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार हो गए.
बदमाशों ने प्रदीप सोनी को बेहद करीब से गोली मारी. खबर मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची. गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को जिला अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया है. मौके से खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं.
व्यापारी की हत्या के बाद स्थानीय व्यापारियों और परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया. नाराज लोगों ने अस्पताल में पुलिस से शव छीन लिया और सड़क पर जाम लगा दिया. फरार पल्सर सवारों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.
जिला अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत रात्रे ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही व्यापारी की मौत हो गई थी. दाहिने तरफ सीने में गोली लगी है. अभी बॉडी से एक ही गोली मिली है. पीएम के बाद पता चलेगा की कितनी गोली मारी गई है.
स्थानीय पंकज तिवारी ने बताया कि, लूट की नीयत से सरेआम व्यापारी प्रदीप सोनी को गोली मारी गई है.। यह सीधे तौर पर कानून व्यवस्था की लापरवाही है. जब नागरिक और व्यापारी सुरक्षित नहीं है तो इस प्रदेश का हाल कैसा चल रहा होगा आप समझ सकते हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t