सरकारी स्कीम में फर्जीवाड़ा, फर्जी आय प्रमाण पत्र बनाकर बेटी को दिलाया योजना का लाभ, गरीब छात्रों का हक मारने वाला शिक्षक चमर साय गिरफ्तार
Teacher Chamar Sai arrested for fraudulently using a government scheme to secure benefits for his daughter by creating a fake income certificate. He allegedly denied the rights of poor students.
जशपुर : शासन की महत्वाकांक्षी शैक्षणिक योजना में फर्जी दस्तावेजों के जरिए लाभ लेने के मामले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में पत्थलगांव पुलिस ने एक शासकीय शिक्षक को गिरफ्तार किया है. आरोपी शिक्षक पर अपनी वास्तविक आय छिपाकर फर्जी आय प्रमाण पत्र और झूठे शपथ पत्र के आधार पर बेटी का मुफ्त एडमिशन कराने का आरोप है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम जामझोर निवासी चमर साय उम्र 41 साल शासकीय शिक्षक के पद पर कार्यरत है. आरोप है कि उसने अपनी वास्तविक आय को छिपाते हुए मात्र 75 हजार रुपये वार्षिक आय दर्शाकर आय प्रमाण पत्र बनवाया. इसके साथ ही झूठा शपथ पत्र पेशह कर अपनी बेटी को पंडित जवाहरलाल नेहरू उत्कर्ष योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कक्षा छठवीं में मुफ्त एडमीशन प्रवेश दिला दिया.
इस मामले की शिकायत पत्थलगांव थाने में दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से मिल रहे वेतन अभिलेखों में आरोपी की वार्षिक आय करीब 6 लाख 79 हजार रुपये पाई गई. वहीं आदिवासी विकास विभाग से मिली जानकारी और अन्य दस्तावेजी सबूतों से यह भी साफ हुआ कि आरोपी ने खुद को किसान बताकर अपनी आय आय छिपाई और शासन की योजना का अनुचित लाभ लिया.
जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी के इस कृत्य से योजना के वास्तविक पात्र और आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभावान विद्यार्थियों के अवसर प्रभावित हुए हैं. पुलिस के मुताबिक शासन की इस योजना का मकसद जरूरतमंद और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है. लेकिन फर्जी दस्तावेजों के जरिए लाभ लेने से पात्र विद्यार्थियों का अधिकार प्रभावित होता है.
पुख्ता सबूत मिलने के बाद थाना पत्थलगांव में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच की गई. अपराध प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने 30 मई को आरोपी चमर साय को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



