सर्पदंश की शिकार महिला की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का लगाया आरोप, कलेक्टर और एसडीएम से लगाई इंसाफ की गुहार
Woman bitten by a snake dies during treatment; family alleges medical negligence and appeals to the Collector and SDM for justice.
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : जिला अस्पताल में सर्पदंश की शिकार महिला उर्मिला बाई उम्र 45 साल की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने और समय पर ‘एंटी-स्नेक वेनम’ इंजेक्शन नहीं लगाने का गंभीर आरोप लगाया. मृतक महिला के पति ने अस्पताल प्रशासन को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि एंटी-स्नेक वेनम नहीं लगाने और कागजी कार्रवाई में ज्यादा समय लगने की वजह से महिला की मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक लालपुर निवासी उर्मिला बाई को देर रात उनके घर में ही किसी जहरीले सांप ने काट लिया था. सांप के काटने के बाद परिजन बिना वक्त गंवाए महिला को फ़ौरन इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. लेकिन सुबह इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया. महिला की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने डॉक्टरों पर इलाज में ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया.
महिला की मौत पर उनके पति ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा हम मरीज को सांप काटने के आधे घंटे के भीतर अस्पताल ले आए थे. जहां शुरुआती जांच के बाद डॉक्टरों ने स्थिति को सामान्य बताया था. अस्पताल में पर्ची बनवाने और अन्य कागजी कार्रवाई के नाम पर काफी समय बर्बाद किया गया. जिससे इलाज में देरी हुई. डॉक्टरों ने मरीज को जरूरी एंटी-स्नेक वेनम (Anti-Snake Venom) इंजेक्शन नहीं लगाया. जब हमने इस बारे में पूछा, तो उन्होंने दावा किया कि इंजेक्शन लगा दिया गया है और खाली रैपर डस्टबिन में फेंक दिए हैं. लेकिन वे हमें वह डस्टबिन दिखाने से कतरा रहे हैं.”
मृतक के रिश्तेदार बृजलाल राठौर ने इस कथित लापरवाही के खिलाफ कलेक्टर और एसडीएम को लिखित आवेदन सौंपकर डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम और बिसरा जांच कराने की मांग की है ताकि मौत का सच सामने आ सके.
वहीं दूसरी तरफ इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए अस्पताल के डॉ. मार्को ने कहा कि मरीज को फौरन प्राथमिक उपचार दिया गया था और डॉक्टरों की देखरेख में उन्हें कुल 20 वायल एंटी-स्नेक वेनम लगाए गए थे. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि जहर ज्यादा फैल जाने के कारण महिला की जान नहीं बचाई जा सकी.
परिजनों ने मामले की शिकायत कलेक्टर और एसडीएम से करते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम कराने की मांग की है. अब इस मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



