काम पर जाने के लिए घर से निकली 16 साल की नाबालिग 7 दिनों से लापता, मां ने सोशल मीडिया पर लगाई मदद की गुहार- प्लीज मेरी मदद कीजिए

16 year old minor who left home to go to work has been missing for 7 days, mother pleaded for help on social media- please help me

काम पर जाने के लिए घर से निकली 16 साल की नाबालिग 7 दिनों से लापता, मां ने सोशल मीडिया पर लगाई मदद की गुहार- प्लीज मेरी मदद कीजिए

दुर्ग : छत्तीसगढ़ के भिलाई-3 के उम्दा क्षेत्र में रहने वाली 16 साल की नाबालिग लड़की पिछले 7 दिनों से लापता है. 27 अगस्त की सुबह वह घर से काम पर जाने के लिए निकली थी. लेकिन उसके बाद से वापस नहीं लौटी. वहीं मां ने सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगाई.
मिली जानकारी के मुताबिक 27 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे वह रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी. लेकिन उसके बाद से अब तक वापस नहीं लौटी. रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. वहीं मां उगाला बंजारे ने सोशल मीडिया पर मदद की गुहार लगाई.
परिजनों ने उसी दिन भिलाई-3 थाने पहुंचकर पुलिस को गुमशुदगी की खबर दी. लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया और कहा कि गुमशुदगी 24 घंटे पूरे होने के बाद ही दर्ज होगी. नतीजतन 28 अगस्त को गुमशुदगी दर्ज हुई. मगर एक हफ्ता बीत जाने के बाद भी नाबालिग का कोई सुराग नहीं मिला.
लापता लड़की की मां उगाला बंजारे ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो जारी करते हुए लोगों से मदद की अपील की है. वीडियो में मां रोते हुए कहती है कि मेरी 16 साल की बेटी 7 दिन से लापता है. मैं बार-बार थाने के चक्कर काट रही हूं. लेकिन पुलिस से कोई सही जवाब नहीं मिल रहा है. प्लीज सर, मैं हाथ जोड़कर आपसे अपील करती हूं, मेरी बेटी को ढूंढ़ने में मेरी मदद कीजिए.
परिवार की पीड़ा और पुलिस की धीमी कार्रवाई को देखते हुए अब मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. परिजन प्रशासन और आम जनता से मदद की गुहार लगा रहे हैं. ताकि लापता किशोरी का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके.
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं.
मामले में भिलाई-3 थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने कहा- “मामले में पुलिस की तरफ से कोई लापरवाही नहीं बरती जा रही है. जांच जारी है. केस में क्या अपडेट है, मैं इसे चेक करवा लेता हूं.” हालांकि परिजनों और स्थानीय लोगों का मानना है कि पुलिस अगर सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ कदम उठाती तो अब तक बच्ची का सुराग मिल सकता था.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t