पर्यटन मंत्री के काफिले के साथ चल रही स्कॉर्पियो पलटी, CAF जवान का हाथ टूटा, रायपुर रेफर, हेड कांस्टेबल घायल, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

A Scorpio travelling with the Tourism Minister's convoy overturned, breaking the arm of a CAF soldier, referred to Raipur, and injuring a head constable. Speeding was the cause of the accident.

पर्यटन मंत्री के काफिले के साथ चल रही स्कॉर्पियो पलटी, CAF जवान का हाथ टूटा, रायपुर रेफर, हेड कांस्टेबल घायल, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

महासमुंद : महासमुंद जिले में सोमवार को एक सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंत्री के काफिले के साथ चल रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के जवान प्रदीप कुमार का हाथ टूट गया, जबकि हेड कांस्टेबल त्रिलोचन भोई घायल हो गए. घायल CAF जवान को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक 1 जनवरी को जिले के नगरी सिरपुर में केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति और धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल सोमवार को सिरपुर पहुंचे थे. मंत्री ने वहां कई स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और इसके बाद वापस लौट रहे थे.
इसी दौरान नेशनल हाईवे-53 पर पिरदा के पास करीब दोपहर 2:37 बजे मंत्री के काफिले को फॉलो कर रही स्कॉर्पियो नम्बर CG 04 NZ 8178 अनियंत्रित हो गई और पलट गई. वाहन में जिला पुलिस बल के हेड कांस्टेबल त्रिलोचन भोई उम्र 45 साल, CAF 15वीं बटालियन के जवान प्रदीप कुमार उम्र 26 साल और वाहन चालक सवार थे. हादसे में CAF जवान प्रदीप कुमार गंभीर रुप से घायल हुए और उनका हाथ टूट गया. जबकि हेड कांस्टेबल त्रिलोचन भोई को हल्की चोटें आई.
हादसे की खबर के बाद तुमगांव थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. दोनों घायलों को तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद CAF जवान की हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बताया कि वाहन तेज रफ्तार होने के कारण सड़क के किनारे अनियंत्रित होकर पलटा. हादसे की वजहों और हादसे के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है. सड़क हादसे के बावजूद मंत्री राजेश अग्रवाल ने सिरपुर दौरे का कार्यक्रम जारी रखा और कई स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. प्रशासन ने बताया कि हादसे में मंत्री या उनके काफिले के अन्य सदस्य सुरक्षित थे.
हादसे के बाद पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा और वाहन गति नियमों का पालन करने की जरुरत है. अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहन और सुरक्षा के उपायों की अनदेखी से ऐसे हादसे हो सकते हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t