बीएमओ 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, यात्रा भत्ता पास करने मांगी घूंस, एसीबी की बड़ी कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
BMO arrested for accepting 15,000 rupees bribe; demanded bribe to pass travel allowance; ACB action creates panic in the health department
सक्ती : सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक में शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. स्वास्थ्य विभाग के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. राजेन्द्र कुमार पटेल को 15,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया. यह कार्रवाई होते ही जिले के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया.
मिली जानकारी के मुताबिक बीएमओ डॉ. राजेन्द्र कुमार पटेल ने अपने ही कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 उमेश कुमार चंद्र से यात्रा भत्ता 81,000 रुपए पास करने के एवज में 15,000 की रिश्वत की मांग की थी. इस बात से परेशान होकर लिपिक उमेश कुमार ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत सही पाए जाने के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार को डभरा स्थित बीएमओ कार्यालय में उन्हें रिश्वत की रकम लेते हुए पकड़ लिया.
बताया जा रहा है कि एसीबी टीम ने मौके से नकद रकम बरामद की है और बीएमओ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अधिकारी लंबे समय से कर्मचारियों से फाइल पास करने के नाम पर धन की मांग करता था. एसीबी की टीम ने कार्यालय के दस्तावेज और कुछ रजिस्टर भी जब्त किए हैं. जिनकी बारीकी से जांच की जा रही है.
फिलहाल आरोपी बीएमओ को सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है और संबंधित रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा चुकी है. इस कार्रवाई को प्रदेश में चल रहे भ्रष्टाचार-विरोधी अभियान की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है. आम नागरिकों से अपील है कि अगर किसी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगी जाती है. तो फौरन एसीबी की हेल्पलाइन 0771-2430792 या टोल फ्री नंबर 1800-233-6763 पर संपर्क करें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



