नगर पंचायत में भ्रष्टाचार का बोलबाला, वार्ड 2 के पार्षद की मिलीभगत से बीटी रोड निर्माण में अनियमितता, शिकायत के बाद भी अधिकारी नदारद
Corruption is rampant in the Nagar Panchayat, irregularities in the construction of BT Road due to the connivance of the Ward 2 councilor, officials are absent even after complaints.
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : मरवाही नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की आड़ में भ्रष्टाचार का खेल एक बार फिर उजागर होता नजर आ रहा है. वार्ड क्रमांक 2 में पार्षद नारायण श्रीवास की मिलीभगत से हो रहे बीटी रोड निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक वार्ड क्रमांक 2 एवं 3 में स्वीकृत बीटी (डामर) रोड स्व सूरदास जी के घर से मयाराम के घर तक बनना था. लेकिन बिना नई निविदा जारी किए हुए उक्त निर्माण कार्य को लोहारी बस स्टैंड से स्व सागर महाराज के घर तक कर दिया गया. बताया जा रहा है कि यह सड़क घटिया निर्माण के चलते कुछ ही महीनों में पानी में बह गई. अब उसी जगह पर पुनः 1 इंच मोटा सीमेंट कांक्रीट का लेप लगाकर “मरम्मत” के नाम पर नए कार्य का दिखावा किया जा रहा है.
सबसे बड़ी बात यह है कि निर्माण स्थल पर ना तो सूचना पटल लगाया गया है. ना स्वीकृति राशि का उल्लेख है और ना ही कार्य के मानक मापदंडों का पालन किया जा रहा है. स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पार्षद नारायण श्रीवास की सीधी मिलीभगत से यह कार्य बिना किसी पारदर्शिता के किया जा रहा है.
ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर अब नया सीसी रोड बनाया जा रहा है. वहां पहले ही ग्राम पंचायत लोहारी के सरपंच द्वारा सीसी रोड बनवाया गया था. इसके बावजूद उसी स्थान पर पुनः निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है. जिससे भ्रष्टाचार की बू स्पष्ट रूप से आ रही है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि शिकायत के बाद भी अब तक नगर पंचायत का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंचा है. इससे लोगों में नाराजगी और अविश्वास बढ़ता जा रहा है. नगरवासी इस पूरे मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने और विभागीय जांच की मांग उठाने की तैयारी में हैं.
नगर के सामाजिक संगठनों का कहना है कि अगर जल्द ही इस निर्माण कार्य की जांच नहीं की गई, तो वे विरोध प्रदर्शन करने पर विवश होंगे, मरवाही में विकास कार्यों के नाम पर हो रहा यह कथित भ्रष्टाचार अब जनआक्रोश का कारण बन चुका है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



