शिक्षा विभाग में दो BEO के बीच कुर्सी की लड़ाई!, वर्तमान बीईओ नए नियुक्त प्रभारी को नहीं दे रहे प्रभार, विवाद से विभागीय कार्यों पर भी पड़ा असर
Two BEOs are fighting for power in the education department! The current BEO is not handing over the charge to the newly appointed in-charge. The dispute has also affected departmental work.
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : मरवाही जिले के मरवाही विकास खंड शिक्षा विभाग में दो खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) की पदस्थापना को लेकर विवाद पैदा हो गया है. छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग के आदेशों की अवहेलना करते हुए वर्तमान बीईओ द्वारा नए नियुक्त प्रभारी को प्रभार नहीं दिया जा रहा है.
दरअसल हाल ही में, छत्तीसगढ़ शासन स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय ने हाई स्कूल करहन्नी के प्राचार्य संजय वर्मा को मरवाही विकास खंड शिक्षा विभाग का प्रभारी बीईओ नियुक्त करने का आदेश जारी किया था. यह आदेश कई हफ्ते पहले जारी किया गया था. हालांकि वर्तमान विकास खंड शिक्षा अधिकारी आर.एन. चंद्रा, जिनका मूल पद व्याख्याता का है. वे शासन के इन आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं. आर.एन. चंद्रा द्वारा संजय वर्मा को अभी तक मरवाही शिक्षा विभाग का प्रभार नहीं सौंपा गया है.
इस स्थिति के कारण शिक्षा विभाग में अनिश्चितता बनी हुई है और विभागीय कार्यों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय से इस मामले का संज्ञान लेने और दोषियों के खिलाफ जरुरी कार्रवाई करने की अपेक्षा की जा रही है. ताकि विभागीय कार्यों में सुचारुता लाई जा सके.
शिक्षा विभाग के सूत्रों के मुताबिक इस पूरे मामले की रिपोर्ट शासन स्तर पर भेजी गई है. अब देखना यह होगा कि छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग इस विवाद पर क्या रुख अपनाता है और आदेशों की अवहेलना करने वाले अधिकारी के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है. विभागीय हलकों में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



