फर्जी वर्दी का खेल उजागर! सशस्त्र बल जवान बनकर नौकरी का झांसा, 4 लाख में डील, महिला से लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Fake uniform scam exposed! Man posing as armed forces personnel, lured with job offers, deal for 4 lakh rupees, arrested for defrauding woman of lakhs

फर्जी वर्दी का खेल उजागर! सशस्त्र बल जवान बनकर नौकरी का झांसा, 4 लाख में डील, महिला से लाखों की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है. खुद को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान बताकर महिलाओं से लाखों रुपये ऐंठने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर कलेक्ट्रेट परिसर में घूमता था. जिससे लोग आसानी से उसके झांसे में आ जाते थे. यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है,
मिली जानकारी के मुताबिक 8 दिसंबर 2025 को पीड़िता सीमा बाई उम्र 39 साल निवासी झरगांव, चौकी सोनक्यारी ने सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 अगस्त 2025 को कलेक्ट्रेट परिसर में उसकी मुलाकात पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति से हुई. जिसने अपना नाम पुन्नी लाल अनंत बताया. आरोपी ने मत्स्य विभाग में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और चार लाख रुपये की मांग की. भरोसे में आकर पीड़िता ने उसे दो लाख रुपये दे दिए.
इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता की भतीजी को डाटा एंट्री ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का भी झांसा दिया और उसके शैक्षणिक दस्तावेज, जाति प्रमाण पत्र और आधार कार्ड अपने पास रख लिए, बाद में पीड़िता को पता चला कि आरोपी कोई पुलिसकर्मी नहीं है और उसके साथ ठगी हुई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली जशपुर में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(2) और 318(4) के तहत जुर्म दर्ज किया गया. आरोपी फरार था. लेकिन तकनीकी टीम और मुखबिर की खबर पर पुलिस ने उसे बिलासपुर स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी की पहचान पुन्नी लाल अनंत उम्र 27 साल निवासी ग्राम टाडा दर्रीकापा, जिला बिलासपुर के रुप में हुई है. वह जशपुर में किराए के मकान में रहकर खुद को सशस्त्र बल का जवान बताता था और अपनी ऊंची पहुंच का दावा कर नौकरी दिलाने का लालच देता था.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t