NH-30 पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार कार और बाइक में जोरदार टक्कर, पति-पत्नी की मौत, 3 घायल, इधर खाई में गिरी बोलेरो, ड्राइवर की मौके पर गई जान
Horrific accident on NH-30: A high-speed car and a motorcycle collide, killing a husband and wife, injuring three others. A Bolero car falls into a ditch, killing the driver on the spot.
कार और बाइक में जोरदार टक्कर, पति-पत्नी की मौत, 3 घायल
जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जिसमें तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि कार में सवार तीन लोग घायल हो गए.
मिली जानकारी के मुताबिक आसना जामगुड़ा निवासी सुखनाथ कश्यप अपनी पत्नी फुलमनी कश्यप के साथ घरेलू काम से भानपुरी गए थे. काम निपटाने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान जैसे ही वे आसना क्षेत्र के पास पहुंचे. जगदलपुर से रायपुर की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. जिससे कार में सवार तीन लोग घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को खबर दी. खबर मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात को कंट्रोल में लिया. पुलिस ने पहले यातायात को सुचारु कराया ताकि सड़क पर लंबा जाम न लगे.
इसके बाद दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया. वहीं कार में सवार तीनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उनका इलाज जारी है. शुरूआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और संभावित लापरवाही सामने आ रही है. हालांकि पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और असल वजह का पता लगाया जा रहा है. दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है.
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने सड़क पर बढ़ते हादसों पर चिंता जताई है और प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल और सख्त यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की है. पुलिस ने लोगों से अपील किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें और सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t
खाई में गिरी बोलेरो, ड्राइवर की मौके पर गई जान
बलरामपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत जामटोली घाट में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जिसमें एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया. इस हादसे में 19 साल के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया
मिली जानकारी के मुताबिक बोलेरो वाहन नम्बर CG 04 HA 4528 जामटोली घाट के मोड़ से गुजर रहा था. इसी दौरान चालक प्रीतम नगेसिया ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे खाई में जा गिरी. हादसा इतना भीषण था कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई. वाहन में सवार दूसरे व्यक्ति पुरान नगेसिया गंभीर रुप से घायल हो गया.
इस हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरु किया. ग्रामीणों की मदद से घायल को किसी तरह वाहन से बाहर निकाला गया. फौरन नजदीकी अस्पताल भेजा गया. जहां उसका इलाज जारी है. खबर मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि जामटोली घाट क्षेत्र लंबे समय से दुर्घटना संभावित इलाका बना हुआ है. यहां सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम जैसे क्रैश बैरियर, डिवाइडर और चेतावनी संकेतों की कमी है. ग्रामीणों का कहना है कि इसी स्थान पर पहले भी हादसे हो चुके हैं. जिनमें जानमाल का नुकसान हुआ है. लगातार हो रहे हादसों को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है. लोगों ने प्रशासन से तत्काल सड़क सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है. इनमें सड़क किनारे क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड और आवश्यक स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण शामिल हैं. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



