झगड़ा सुलझाने पहुंचे अस्पताल संचालक पर हमला, लिफ्ट के विवाद में सुलह के लिए बुलाकर मारा चाकू, भाजपा नेता व उप सरपंच समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

Hospital operator attacked while attempting to resolve a dispute; stabbed after being called to mediate a conflict over a lift; three accused, including a BJP leader and a Deputy Sarpanch, arrested.

झगड़ा सुलझाने पहुंचे अस्पताल संचालक पर हमला, लिफ्ट के विवाद में सुलह के लिए बुलाकर मारा चाकू, भाजपा नेता व उप सरपंच समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद/तुमगांव : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के सिरपुर में आपसी विवाद सुलझाने के दौरान मामला हिंसक हो गया. लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास जेपी अस्पताल के संचालक परमानंद साहू पर धारदार चाकू से हमला कर दिया गया. उनकी गर्दन पर तीन बार चाकू से वार किया गया. जबकि जांघ पर भी चोट पहुंचाई गई. पुलिस ने सिरपुर के उप सरपंच और भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 6 अक्टूबर की रात अस्पताल कर्मचारी राकेश साहू खाना खाने के बाद वापस लौट रहा था. इसी दौरान अंबेडकर चौक के पास हरि ध्रुव ने उसे रोक लिया और अपने साथ चलने के लिए कहा. राकेश के मोटरसाइकिल पर नहीं बैठने पर दोनों के बीच विवाद और गाली-गलौज शुरु हो गई. इसके बाद राकेश ने अस्पताल संचालक परमानंद साहू को फोन कर मौके पर बुलाया.
अस्पताल कर्मचारी टिकेश्वर साहू भी वहां पहुंच गया. दोनों पक्षों को समझाने के बाद उस समय विवाद शांत हो गया. वारदात की जानकारी मिलने पर सिरपुर के उप सरपंच राजेश सिंह ठाकुर ने फोन पर मामले के बारे में पूछा. इसके बाद वह अस्पताल पहुंचा और राकेश साहू तथा टिकेश्वर साहू से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. राजेश ठाकुर ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर विवाद खत्म कराने का प्रयास किया. हरि ध्रुव से माफी मांगकर मामला खत्म करने की बात कही गई. लेकिन उसने माफी मांगने से इंकार कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों को अस्पताल के सामने बुलाकर मामला सुलझाने का फैसला लिया गया. रात करीब 9:30 बजे परमानंद साहू, राकेश साहू और टिकेश्वर साहू लक्ष्मण मंदिर हॉस्टल के पास पहुंचे. वहां हरि ध्रुव और सुरेश मिरी पहले से मौजूद थे. बातचीत के दौरान एक बार फिर विवाद शुरू हो गया और गाली-गलौज के बाद मारपीट की स्थिति बन गई.
इसी दौरान हरि ध्रुव ने परमानंद साहू पर धारदार चाकू से हमला कर दिया. उनकी गर्दन पर लगातार तीन वार किए गए और जांघ पर भी चाकू से चोट पहुंचाई गई. अचानक हुए हमले से घायल परमानंद अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागने लगे. हमले के बाद हरि ध्रुव, राजेश सिंह ठाकुर और सुरेश मिरी ने घायल का पीछा किया और उसे धमकी दी. इसी बीच राकेश साहू और टिकेश्वर साहू वहां पहुंचे और परमानंद को आरोपियों से बचाया. इसके बाद घायल को मोटरसाइकिल से सिरपुर चौकी ले जाया गया.
प्राथमिक उपचार के बाद परमानंद साहू ने तुमगांव थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिरपुर के उप सरपंच और भाजपा नेता राजेश सिंह ठाकुर, हरि ध्रुव और सुरेश मिरी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1) और 3(5) के तहत जुर्म दर्ज किया गया. फिलहाल पुलिस आरोपियों की भूमिका, घटना के क्रम और विवाद के कारणों से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि मिले सबूतों और बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb