पति के 22.63 लाख चोरी-छिपे भाई को सप्लाय, प्रॉपर्टी अपने नाम करने बनाया दबाव, इंकार करने पर झूठी शिकायत, पत्नी और साला गिरफ्तार, ससुर फरार
Husband secretly supplied 22.63 lakh rupees to brother, pressured to transfer property in his name, filed false complaint when he refused, wife and brother-in-law arrested, father-in-law absconding
रायगढ़ : रायगढ़ जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में एक व्यवसायी की मेहनत की कमाई और संपत्ति हड़पने की साजिश का मामला सामने आया है. शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने व्यवसायी की पत्नी और साले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. जबकि एक ससुर की तलाश जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक घरघोड़ा निवासी व्यवसायी पिंगल कुमार बघेल ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी सीमा बघेल, साला कृष्ण कुमार यादव और ससुर भरतलाल यादव ने मिलकर उसकी नकद और संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रची. मामले की जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी ने की, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए.
सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला
शिकायतकर्ता पिंगल कुमार बघेल ने बताया कि वह फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग एवं मीडिया से संबंधित काम करता है. कारोबार से होने वाली इनकम वह अपनी पत्नी को सुरक्षित रखने के लिए सौंपता था. वर्ष 2014 में रकम कम होने का शक होने पर उसने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए. आरोप है कि फुटेज में पत्नी को आलमारी से पैसे निकालकर अपने भाई कृष्ण कुमार यादव को देते हुए देखा गया. जांच के दौरान कृष्ण कुमार यादव के बैंक खातों में करीब 22 लाख रुपये के लेन-देन सामने आए. जबकि वह किसी नियमित रोजगार में नहीं था.
मुआवजा मिलने वाली जमीन पत्नी के नाम कराने का आरोप
व्यवसायी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में उसने तमनार क्षेत्र में ऐसी जमीन खरीदने की प्लान बनाई थी. जहां भविष्य में अधिग्रहण के बदले करोड़ों रुपये मुआवजा और नौकरी मिलने की संभावना थी. इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने दबाव बनाते हुए करीब 13.50 लाख रुपये की जमीन पत्नी के नाम रजिस्ट्री करा ली. शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बाद अन्य संपत्तियों पर कब्जा करने के मकसद से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा.
जांच में आरोप सही पाए गए
एसडीओपी की विस्तृत जांच में यह सामने आया कि आरोपियों ने एक राय होकर शिकायतकर्ता को आर्थिक नुकसान पहुंचाने और उसकी संपत्ति से अनुचित लाभ लेने का प्रयास किया. जांच प्रतिवेदन के आधार पर घरघोड़ा थाना में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज किया गया. पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज कर जांच शुरू की.
पत्नी और साला भेजे गए जेल
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 4 जून को आरोपी सीमा बघेल उम्र 41 साल और कृष्ण कुमार यादव उम्र 39 साल को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुख्ता सबूत मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. पुलिस के मुताबिक मामले में नामजद एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



