युवक की संदिग्ध मौत, मोबाइल गायब, खुद को पत्नी बताने वाली महिला अस्पताल से अचानक लापता, तलाश में जुटी पुलिस, परिजनों ने लगाई इंसाफ की गुहार

Suspicious death of a young man; mobile phone missing; woman claiming to be his wife suddenly vanishes from the hospital; police searching for her; family members plead for justice.

युवक की संदिग्ध मौत, मोबाइल गायब, खुद को पत्नी बताने वाली महिला अस्पताल से अचानक लापता, तलाश में जुटी पुलिस, परिजनों ने लगाई इंसाफ की गुहार

कोरबा : कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में प्रयागराज निवासी 22 साल के युवक अभिषेक कुमार गौड़ की संदिग्ध हालत में मौत का मामला सामने आया है. युवक को जहरीले पदार्थ के सेवन की हालत में अस्पताल लाया गया था. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद मामले में नया मोड़ तब आया. जब खुद को अभिषेक की पत्नी बताने वाली एक महिला अस्पताल पहुंची और कुछ देर बाद अचानक गायब हो गई. परिजनों ने इस पूरे मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि अभिषेक की मौत के पीछे की असल वजह का पता लगाया जाना जरूरी है. वहीं पुलिस ने भी मामले की जांच शुरु कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक अभिषेक कुमार गौड़ मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला था. वह पिछले करीब दो साल से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक शीशा फैक्ट्री में मजदूरी कर रहा था. मंगलवार 14 जुलाई को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. नाजुक हालत में उसे कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान अभिषेक की मौत हो गई.
अस्पताल पहुंची महिला ने बताया खुद को पत्नी
युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद एक महिला अस्पताल पहुंची. महिला ने पुलिस और अस्पताल प्रबंधन के सामने खुद को अभिषेक की पत्नी बताया. उसने दावा किया कि उसके और अभिषेक के दो बच्चे हैं. पुलिस ने महिला से घटना और युवक के बारे में पूछताछ की. लेकिन कुछ समय बाद महिला अस्पताल से चली गई और फिर वापस नहीं लौटी. इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला की तलाश और उसके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास शुरू किया है.
मोबाइल और दस्तावेज नहीं मिले
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक अभिषेक के पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं मिले हैं. उसकी जेब से सिर्फ 401 रुपये नकद और कुछ कागज मिले हैं. पुलिस को मृतक की जेब से मिले एक कागज पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर उसके परिवार की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने प्रयागराज में रहने वाले उसके पिता नीरज कुमार गौड़ को घटना की खबर दी.
खबर मिलने के बाद अभिषेक के पिता और अन्य परिजन कोरबा पहुंचे. परिजनों ने पुलिस को बताया कि अभिषेक ने परिवार को शादी के बारे में जानकारी दी थी. लेकिन उसकी पत्नी और वैवाहिक जीवन से जुड़ी पूरी जानकारी उन्हें नहीं थी. परिजनों का कहना है कि अभिषेक की अचानक हुई मौत कई सवाल खड़े करती है. उन्होंने आशंका जताई है कि युवक के जहर खाने के पीछे कोई अन्य कारण हो सकता है.
मौत की जांच की मांग
मृतक के पिता और परिवार के अन्य सदस्यों ने पुलिस से मामले की गहन जांच करने की मांग की है. उनका कहना है कि अगर अभिषेक ने खुद जहरीला पदार्थ खाया तो इसके पीछे क्या वजह थी. यह सामने आना चाहिए. परिजनों ने यह भी सवाल उठाया है कि घटना के बाद अस्पताल पहुंची महिला कौन थी और वह अचानक क्यों चली गई. पुलिस को इस दिशा में भी जांच करनी चाहिए.
पुलिस कर रही मामले की जांच
कटघोरा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब मृतक के मोबाइल, दस्तावेज और अन्य सामान के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है. साथ ही उस महिला की पहचान और भूमिका की भी जांच की जा रही है. जिसने खुद को अभिषेक की पत्नी बताया था.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है. अब परिवार को उम्मीद है कि जांच के जरिए अभिषेक की मौत की असल वजह सामने आएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?