तीजा पर्व से पहले घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, शादी के एक साल बाद गला दबाकर मारा, पति एकल ने थाने पहुंचकर किया सरेंडर
Wife murdered in domestic dispute before Teej festival, strangled to death after one year of marriage, husband Ekal Tiwari surrendered after reaching the police station
दुर्ग : दुर्ग जिले के भिलाई में तीजा पर्व से पहले सनसनीखेज वारदात हुई है. महिला और उसके पति के बीच शनिवार की रात घरेलू विवाद हुआ था. झगड़ा इतना बढ़ा कि पंडिताई का काम करने वाले पति ने अपनी ही पत्नी का गला दबाकर बेरहमी से कत्ल कर दिया. घटना से परिवार में पर्व की खुशियों का माहौल शोक में तब्दील हो गया है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति सीधे थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. यह सनसनीखेज वारदात नेवई थाना क्षेत्र की है.
मिली जानकारी के मुताबिक राजनांदगांव के खपरी की निवासी मृतिका दीक्षा दुबे की उम्र करीब 20 साल थी. उसका भाई आईटीबीपी में जवान है. दीक्षा और मरोदा सेक्टर निवासी एकल तिवारी की शादी 1 साल पहले हुई थी. आरोपी पति फ्लोर मिल चलाने और पूजा-पाठ कराने का काम करता है. शनिवार रात को दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ. जो इतना बढ़ गया कि एकल ने अपनी पत्नी दीक्षा की गला दबाकर हत्या कर दी. वारदात की जानकारी जैसे ही पड़ोसियों को हुई, पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
आरोपी पति एकल दुबे उम्र 28 साल ने खुद थाने पहुंचकर पुलिस को पूरा मामला बताया और सरेंडर कर दिया. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति एकल तिवारी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं घर से मृतिका के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. नेवई थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
कत्ल की वारदात की खबर मिलते ही उसकी मां और बड़े पिता भिलाई पहुंचे और आरोप लगाया कि यह सुनियोजित हत्या है. उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. सिर्फ 20 साल की उम्र में दीक्षा की मौत से परिवार गहरे सदमे में है.
मायके पक्ष का कहना है कि आरोपी पति आए दिन विवाद करता था और दीक्षा को प्रताड़ित करता था. तीजा जैसे पारंपरिक पर्व से पहले हुई इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा और दांपत्य जीवन में बढ़ते तनाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि किस तरह गुस्से और क्षणिक विवाद कभी-कभी इंसान की जिंदगी को बर्बाद कर देते हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



