इंस्टाग्राम से दोस्ती, शादी का झांसा देकर पांच साल तक शोषण, विवाह के बाद भी करता रहा कॉल-मैसेज, पति ने खत्म किया रिश्ता, आरोपी हर्ष गोयल गिरफ्तार
Befriended on Instagram and exploited for five years under the pretext of marriage; continued calling and messaging even after the victim married someone else; husband ended the relationship; accused Harsh Goyal arrested.
सरगुजा : सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में 25 साल की युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर करीब पांच साल तक शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इंकार करने का आरोप लगाया. पुलिस ने आरोपी हर्ष गोयल के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया आरोपी को अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक सीतापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने शिकायत में बताया कि कॉलेज में पढ़ाई के दौरान वर्ष 2019 में इंस्टाग्राम के जरिए उसकी पहचान सीतापुर निवासी हर्ष गोयल से हुई थी. सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू होने के बाद दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और फोन पर लगातार संपर्क में रहने लगे.
युवती का आरोप है कि जनवरी 2019 में हर्ष उसे घूमाने के लिए अपने साथ ले गया. इस दौरान उसने शादी करने का भरोसा दिलाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बना रहा और आरोपी करीब पांच साल तक शादी का वादा कर उसके साथ कई बार संबंध बनाता रहा.
वर्ष 2025 में जब युवती ने हर्ष पर शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने शादी करने से इंकार कर दिया. युवती का आरोप है कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी. इसके बाद युवती ने परिवार की सहमति से किसी दूसरे युवक से शादी करने का फैसला लिया.
8 मार्च 2026 को उसकी शादी दूसरे युवक से हो गई. शादी के महज तीन दिन बाद हर्ष गोयल ने फिर से उसे फोन और मैसेज करना शुरू कर दिया. लगातार संपर्क करने की वजह से युवती और उसके पति के बीच विवाद होने लगा. हर्ष के बार-बार फोन और मैसेज करने से वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ और बाद में पति ने उसके साथ संबंध रखने से इंकार कर दिया. इसके बाद युवती वापस अपने मायके आ गई.
हर्ष गोयल की वजह से उसकी शादी टूट गई और वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी. लगातार परेशान किए जाने के बाद उसने सीतापुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत और मिले तथ्यों के आधार पर आरोपी हर्ष गोयल के खिलाफ संबंधित धाराओं में जुर्म दर्ज किया.
इस मामले में धारा 64(2)(ड), 351(2), 4, 5(स) और 6 के तहत कार्रवाई की गई. आरोपी हर्ष गोयल को गिरफ्तार कर लिया गया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया. जहां से जेल भेज दिया गया. पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, दोनों के बीच मोबाइल और सोशल मीडिया संपर्क और अन्य मिले सबूतों की जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



