टाइगर रिजर्व में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन टीम पर हमला, धक्का-मुक्की, वर्दी फाड़ी: 100-150 एकड़ भूमि पर कार्रवाई का विरोध, क्षेत्र में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

Forest team attacked, pushed, uniforms torn as they arrived to remove encroachment in Tiger Reserve: Protest against action on 100-150 acres of land, tension in the area, heavy police force deployed

टाइगर रिजर्व में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन टीम पर हमला, धक्का-मुक्की, वर्दी फाड़ी: 100-150 एकड़ भूमि पर कार्रवाई का विरोध, क्षेत्र में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात

गरियाबंद/जैतपुरी : गरियाबंद जिले के टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है. कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों की भीड़ ने वन विभाग की टीम को घेर लिया और टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक सहित कई कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की गई. इस दौरान कुछ कर्मचारियों की वर्दी भी फाड़ दी गई.
मिली जानकारी के मुताबिक वन विभाग की टीम जैतपुरी गांव में करीब 100 से 150 एकड़ जमीन पर हुए कथित अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई करने पहुंची थी. वन अमला अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लेकर आगे की प्रक्रिया कर रहा था. इसी दौरान बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर इकठ्ठा हो गए और कार्रवाई का विरोध शुरु कर दिया.
बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान 4 से 5 लोगों को हिरासत में लिया था. जैसे ही यह जानकारी गांव में फैली. बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई का विरोध करते हुए टीम को चारों ओर से घेर लिया. देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और विवाद बढ़ते-बढ़ते धक्का-मुक्की तक पहुंच गया. डिप्टी डायरेक्टर वरुण जैन के साथ भी धक्का-मुक्की की गई.
चश्म्दीएदोन के मुताबिक भीड़ ने वन अमले को मौके से हटाने का प्रयास किया. इस दौरान उपनिदेशक सहित कई कर्मचारियों के कपड़े फट गए और कर्मचारियों को काफी देर तक विरोध का सामना करना पड़ा.
घटना के बाद टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और कर्मचारियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी.
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं. इसी के तहत कार्रवाई करने टीम मौके पर पहुंची थी. विभाग ने साफ किया कि संरक्षित वन भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा.
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग भी सतर्क हो गया है. इलाके में अतिरिक्त निगरानी बढ़ा दी गई है. ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है और वीडियो व अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है. ग्रामीणों और वन विभाग के बीच बढ़ते विवाद ने एक बार फिर वन भूमि, अतिक्रमण और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t