दिल दहला देने वाला हादसा, घर के आंगन में झूलते बिजली के तार की चपेट में आने से 28 वर्षीय इस्माइल की मौत, पूरे गांव में शोक की लहर
In a heartbreaking incident, 28-year-old Ismail died after being struck by a dangling electric wire in his courtyard, sending shockwaves through the village.
सरगुजा/बतौली : सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम करदना में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई. 28 वर्षीय इस्माइल तिग्गा की झूलते हुए बिजली तार के संपर्क में आने से मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है.
मिली जानकारी के मुताबिक इस्माइल तिग्गा सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर के पीछे बने शौचालय जा रहे थे. शौचालय के पास धान मिसाई के लिए खनिहाल बनाया गया था. जिसमें घर से बिजली का कनेक्शन लेकर एक बल्ब लगाया गया था. तेज हवा की वजह से बिजली का तार झूल रहा था और कटा होने के कारण वह नीचे लटक रहा था. इसी दौरान इस्माइल तार के संपर्क में आ गए और मौके पर ही तड़पकर उनकी मौत हो गई.
घटना से अनजान पिता मंगल तिग्गा करीब सुबह 6 बजे बाहर निकले. जैसे ही वे बेटे के शव से टकराए. उन्हें भी तेज करंट लगा और वे दूर जा गिरे. आंखों की कमजोर रोशनी की वजह से उन्हें फौरन समझ नहीं आया. लेकिन शोर सुनकर परिवार के सदस्य दौड़े और घटना को देखकर सन्न रह गए.
मृतक इस्माइल कुछ दिन पहले ही पिता बने थे. जहां अब छोटे से नन्हे बच्चे से पिता का साया भी उठ गया. युवा उम्र में उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव के लोग भी घटना से गमगीन हैं.
इस खबर पर बतौली थाना से एएसआई नारायण सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के सटीक वजह और अन्य परिस्थितियों की जांच जारी है.
ग्राम करदना में हुई यह घटना फिर एक बार याद दिलाती है कि लापरवाही और अधूरे बिजली कनेक्शन कितनी बड़ी त्रासदियों को जन्म दे सकते हैं. एक परिवार का भविष्य एक झटके में बदल गया और गांव अभी भी उस सुबह के सन्नाटे और चीखों के बीच फँसा हुआ है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



