कियोस्क साखा ग्राहक सेवा केंद्र संचालक पर लाखों की धोखाधड़ी का आरोप, ग्रामीणों की गाढ़ी कमाई पर मारा डाका, पासबुक में हाथ से एंट्री कर हड़पी रकम
Kiosk branch customer service center operator accused of fraud worth lakhs; villagers' hard-earned money swindled; funds misappropriated by making manual entries in passbooks.
धमतरी/भखारा : धमतरी जिले के कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचकर कई खाताधारकों ने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) भखारा शाखा के अंतर्गत संचालित ग्राहक सेवा केंद्र (कियोस्क शाखा) कोर्रा के संचालक पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है. शिकायतकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जमा रकम वापस दिलाने की मांग की है.
मिली जानकारी के मुताबिक वर्ष 2013 से 2025 तक खाताधारक नियमित रूप से अपने खातों में रकम जमा करते रहे. आरोप है कि ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक केशव राम साहू, पिता हेमलाल साहू, निवासी ग्राम देवकोट, ब्लॉक एवं तहसील गुरूर (वर्तमान निवास खोपरा, जिला रायपुर) द्वारा खाताधारकों से नकद रकम ली जाती थी. लेकिन कई बार बैंक पासबुक में अधिकृत एंट्री नहीं की गई और खुद ही पेन से लिखकर रकम दर्ज कर दी गई.
पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने अपने खातों से रकम निकालने के लिए एसबीआई भखारा शाखा में संपर्क किया. तब बैंक अधिकारियों ने बताया कि उनके खातों में वह रकम जमा ही नहीं हुई है. जिसे वे सालों से जमा कराते आ रहे थे. इसके बाद संचालक से जानकारी मांगी गई. लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों को भुगतान के नाम पर एचडीएफसी बैंक और इंडसइंड बैंक के चेक दिए गए. जो निर्धारित समय बीतने के बाद भी क्लियर नहीं हुए. वहीं कुछ लोगों को कथित रूप से बांड पेपर भी दिए गए. जब संबंधित बांड की जांच के लिए खाताधारक एसबीआई भखारा पहुंचे. तब उन्हें बांड फर्जी होने की जानकारी मिली.
पीड़ितों ने बताया कि मामले की शिकायत एसबीआई भखारा, पुलिस थाना तथा कलेक्टर जनदर्शन में भी की गई है. उनका आरोप है कि संचालक द्वारा कई खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी कर लाखों रुपये की ठगी की गई है. शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर उनकी जमा पूंजी वापस दिलाने की मांग की है.
पीड़ित खाताधारक और कथित बकाया रकम:-
अंजोर सिंह निषाद (12.72 लाख), लीलाराम साहू (5.68 लाख), अंकालू राम सिन्हा (₹4.16 लाख), सरोज बाई भेण्डरा (2.50 लाख), रेखराम भेण्डरा (2.68 लाख), राधेश्याम सिन्हा एवं सरोज बाई सिन्हा (12.50 लाख), नोमिन बाई साहू (3.06 लाख), भानु साहू (5.31 लाख), हेमशंकर साहू (5.17 लाख), देवंती बाई साहू (3.08 लाख), सुरज बाई (3.45 लाख) तथा अर्जुन राम साहू (5.68 लाख) शामिल हैं. कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत के बाद अब पीड़ित खाताधारकों को प्रशासनिक जांच और कार्रवाई का इंतजार है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



