पैसों के विवाद में युवक की बेरहमी से पिटाई, पत्नी ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी पीटा, वीडियो वायरल, सख्त कार्रवाई की मांग, जांच में जुटी पुलिस
Young man brutally beaten over a money dispute; wife also assaulted when she tried to intervene; video goes viral; demands for strict action raised; police investigating.
बिलासपुर/सरकंडा : बिलासपुर शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है. जिसमें दो युवक एक व्यक्ति की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं. आरोप है कि पुराने पैसों के विवाद को लेकर युवक को गणेश अस्पताल के पास बुलाया गया और वहां उसके साथ मारपीट की गई. इस दौरान पति को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है. मामले में पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
पीड़ित सन्नी बंजारे के मुताबिक 26 अगस्त की रात वह अपनी पत्नी भगवती और बच्चों के साथ गोल बाजार से त्योहार देखकर घर लौट रहा था. इसी दौरान विनित श्रीवास का फोन आया. उसने पैसों के लेन-देन से संबंधित बातचीत के लिए सन्नी को गणेश अस्पताल के पास बुलाया. बुलाए जाने पर वह गणेश अस्पताल के पास पहुंचा. वहां विनित श्रीवास के साथ किशन ध्रुव भी मौजूद था. बातचीत के दौरान पुराने पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद शुरु हो गया. विवाद बढ़ने के बाद दोनों युवकों ने सन्नी के साथ गाली-गलौज शुरु कर दी और उसके साथ मारपीट करने लगे.
लाठी और बेल्ट से हमला
पीड़ित का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उस पर हाथ-मुक्का, लाठी और बेल्ट से हमला किया. घटना का वीडियो अब सामने आया है. जिसमें दो युवक एक व्यक्ति को लाठी और बेल्ट से पीटते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद वारदात को लेकर इलाके में चर्चा शुरु हो गई है. मारपीट में सन्नी के सिर और दोनों हाथों में चोट आने की बात कही गई है. घटना के दौरान उसके साथ मौजूद परिवार के लोग भी परेशान हो गए. पति के साथ मारपीट होते देख उसकी पत्नी भगवती बीच-बचाव करने के लिए पहुंची.
पत्नी को भी नहीं बख्शा
पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट की. महिला के दोनों हाथों और बाएं गाल में चोट आई है. पति-पत्नी दोनों ने घटना के बाद पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. घटना को लेकर सामने आए वीडियो में मारपीट का दृश्य दिखाई दे रहा है. हालांकि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही घटना की पूरी परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पीड़ित सन्नी बंजारे ने सरकंडा थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. पुलिस द्वारा घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ और उपलब्ध वीडियो सहित अन्य सबूतों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. पैसों के लेन-देन को लेकर शुरू हुए विवाद में सार्वजनिक रूप से मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है. फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि विवाद की असल वजह क्या थी और मारपीट की घटना किन परिस्थितियों में हुई. वहीं, पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



