जमीन विवाद पर ग्रामीण-पुलिस के बीच हुआ बवाल, ग्रामीणों ने पत्थरों से किया हमला, ASP समेत 25 जवान और कई ग्रामीण घायल, फोर्स तैनात
A land dispute erupted between villagers and police, with villagers pelting stones. 25 police officers, including an ASP, and several villagers were injured. Police deployed.
सरगुजा : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में अमेरा ओपनकास्ट कोल माइंस के विस्तार को लेकर बुधवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया. जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंचे पुलिस बल और ग्रामीणों के बीच जमकर पथराव हुआ. इस झड़प में एएसपी अमोलक सिंह, धौरपुर थाना प्रभारी अश्वनी सिंह समेत करीब 25 पुलिसकर्मी घायल हो गए. वहीं पत्थरबाजी में दर्जन भर ग्रामीणों को भी चोट आई है. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया. थाना प्रभारी अश्वनी सिंह की हालत नाजुक होने पर उन्हें अंबिकापुर रेफर किया गया है. यह घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की है.
मिली जानकारी के अनुसार SECL ने 2001 में परसोढ़ी गांव की जमीनें अधिगृहीत की थीं. लेकिन ग्रामीण अब भी खदान विस्तार का विरोध कर रहे हैं. उनका कहना है कि न उन्हें पूरा मुआवजा मिला और न नौकरी का वादा पूरा हुआ. सिर्फ 19% किसानों ने ही मुआवजा लिया है. ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि वे अपनी जमीन नहीं छोड़ेंगे.
बुधवार सुबह करीब 500 जवानों के साथ प्रशासन जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंचा तो हालात तनावपूर्ण हो गए. दोनों पक्षों की तरफ से पत्थर चलाए गए. ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन जबरदस्ती कब्जा दिलाने की कोशिश कर रहा है. वहीं प्रशासन का कहना है कि ग्रामीण उत्खनन कार्य में बाधा पैदा कर रहे हैं. और उन्हें समझाइश दी जा रही है.
SECL की तरफ से खदान संचालन एक प्राइवेट कंपनी LCC कर रही है. जिसे भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी अधिकारियों की मदद से उनकी जमीन हड़पना चाहती है. ग्रामीणों का दावा है कि विस्तार से उनके खेत, जंगल और जल स्रोत नष्ट हो जाएंगे, जिससे आजीविका पर गहरा असर पड़ेगा.
इस विवाद पर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि अगर ग्रामीण खदान नहीं चाहते हैं तो वह नहीं खुलेगी. वहीं राज्य के पूर्व अजजा आयोग अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने प्रशासन की कार्रवाई को नियम के खिलाफ बताते हुए कड़ा विरोध करने की चेतावनी दी है. हालत अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है और जिला प्रशासन ने अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



