मनरेगा कर्मचारियों के EPF फंड में 11 लाख से ज्यादा गबन करने वाले लेखापाल वीरेंद्र और डाटा एंट्री ऑपरेटर भगवान गिरफ्तार
Accountant Virendra and data entry operator Bhagwan arrested for embezzling more than 11 lakh from MNREGA employees' EPF fund
बलरामपुर : बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत वाड्रफनगर में पदस्थ कर्मचारियों द्वारा मनरेगा कर्मचारियों के ईपीएफ (EPF) फंड में धोखाधड़ी कर गबन किए जाने के गंभीर मामले का खुलासा करते हुए वाड्रफनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा.
मिली जानकारी के मुताबिक 29 जुलाई 2025 को जनपद पंचायत वाड्रफनगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मोहम्मद निजामुद्दीन द्वारा चौकी वाड्रफनगर में लिखित आवेदन देकर बताया कि जून 2023 से जून 2025 की अवधि में तत्कालीन लेखापाल वीरेंद्र कुमार यादव एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर भगवान सिंह ने मिलकर मनरेगा कर्मचारियों के EPF खातों से कुल ₹11,26,254 की रकम को बेईमानी और छलपूर्वक भगवान सिंह की पत्नी अंजू सिंह के भारतीय स्टेट बैंक और फिनो बैंक के खातों में ट्रांसफर कर धोखाधड़ी की.
जांच में यह तथ्य सामने आया कि कर्मचारियों के ईपीएफ फंड में जमा करने के लिए OTP आरोपी वीरेंद्र कुमार यादव के मोबाइल पर आता था. जिसे वह आरोपी भगवान सिंह की मदद से उसकी पत्नी अंजू सिंह के खातों में ट्रांसफर करता था. दोनों खातों का संचालन खुद भगवान सिंह करता था.
प्रार्थी की इस रिपोर्ट पर चौकी वाड्रफनगर में अपराध क्रमांक 144/25 धारा 316(4), 318(3), 3(5) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर मामला जांच में लिया गया. वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम गठित कर दोनों आरोपियों की तलाश की गई, जिसमें आरोपी वीरेंद्र कुमार यादव को रामानुजगंज से और आरोपी भगवान सिंह को छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश सीमा के फुली डूमर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध करना कबूल किया. जुर्म में इस्तेमाल OTP प्राप्त करने वाला मोबाइल हैंडसेट और धोखाधड़ी से रकम स्थानांतरित किए गए खातों की पासबुक को जप्त कर लिया गया. दोनों आरोपियों को 29 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर जेएमएफसी अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया. इस मामले में जांच जारी है.
इस पूरी कार्यवाही में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धीरेंद्र तिवारी, सहायक उप निरीक्षक पुष्पराज सिंह, साइबर आरक्षक आकाश तिवारी, आरक्षक देव कुमार, रामगोपाल राम और बालेश एक्का की अहम भूमिका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



