अंधविश्वास में हत्या, जादू-टोना के शक में ग्रामीण की ली जान, खेत में गाड़ा शव, पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे
Murder fueled by superstition, villager killed on suspicion of witchcraft, body buried in field, police arrest four accused and send them behind bars
सुकमा : सुकमा जिले के गादीरास थाना क्षेत्र के ग्राम उच्चारास में जादू-टोना के शक में एक ग्रामीण की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गादीरास थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक दिसंबर माह में उच्चारास गांव में एक बच्चे गंगा की मौत हो गई थी. परिजनों को शक था कि सोढ़ी देवा द्वारा जादू-टोना किए जाने के कारण बच्चे की मौत हुई है. 23 जनवरी को बच्चे के क्रियाकर्म के दौरान इस बात पर चर्चा और तेज हो गई. ग्रामीणों के बीच यह धारणा बन गई कि गांव में हो रही तमाम अनहोनी घटनाओं के पीछे सोढ़ी देवा का जादू-टोना जिम्मेदार है. इसी अंधविश्वास के चलते मृत बच्चे के परिवार के चार सदस्यों ने मिलकर सोढ़ी देवा की हत्या कर दी और शव को गांव के पास स्थित खेत में गाड़ दिया.
मामले में 31 जनवरी को पीड़ित पक्ष की शिकायत पर गादीरास थाने में एफआईआर दर्ज की गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की गई और हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है.
गादीरास थाना क्षेत्र के ग्राम कयारास निवासी चार आरोपियों में कोसा सोढ़ी उम्र 42 साल, डूंगा सोढ़ी उम्र 38 साल, नंदलाल करटामी उम्र 36 साल और डुला सोढ़ी उम्र 25 साल शामिल हैं. इनके खिलाफ थाना गादीरास जिला सुकमा में मामला दर्ज किया गया है. आरोपियों को 14 फरवरी 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेजा गया. जबकि अंतिम रिमांड की अवधि एक मई 2026 तक निर्धारित की गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



