गरियाबंद में तेंदुए की एंट्री, मालगांव की पहाड़ी पर दिन के उजाले में लोगों को आधे घंटे तक बेखौफ निहारता रहा तेंदुआ, इलाके में हड़कंप

Leopard enters Gariaband, leopard fearlessly stares at people for half an hour in broad daylight on Malgaon hill, panic in the area

गरियाबंद में तेंदुए की एंट्री, मालगांव की पहाड़ी पर दिन के उजाले में लोगों को आधे घंटे तक बेखौफ निहारता रहा तेंदुआ, इलाके में हड़कंप

गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में वन्यजीवों की आबादी बढ़ने के साथ ही इंसानी बस्तियों में उनके दिखने की घटनाएं भी बढ़ रही हैं. इसी कड़ी में जिला मुख्यालय से सिर्फ चार किलोमीटर दूर ग्राम मालगांव में सोमवार दोपहर एक तेंदुआ देखे जाने से ग्रामीणों में भारी दहशत फैल गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक मालगांव में दोपहर करीब 3:30 बजे मां दुर्गा मंदिर के पास पहाड़ी पर तेंदुआ बैठा हुआ नजर आया. राहगीरों की नजर जैसे ही उस पर पड़ी, तेंदुआ बिल्कुल शांत भाव से बैठा था और नीचे की गतिविधियों को देख रहा था. आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई. भीड़ की हलचल के बावजूद तेंदुआ करीब आधे घंटे तक पहाड़ी की चोटी पर बैठा राहगीरों को देखता रहा. बाद में वह अचानक उठकर पास के जंगल के घने झुरमुट में समा गया.
तेंदुए के दिखने की खबर पूरे मालगांव और आसपास के गांवों में आग की तरह फैल गई है. लोग डरे हुए हैं और खासकर शाम और रात के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी खबर वन विभाग को दी है. वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और बेवजह जंगल की ओर न जाने की अपील की है. साथ ही विभाग की टीम तेंदुए की तलाश और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में गश्त कर रही है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पहली बार दिन के उजाले में तेंदुआ इस तरह खुले में बैठा देखा गया है.
विशेषज्ञों का मानना है कि पानी और शिकार की तलाश में अक्सर वन्यजीव आबादी वाले इलाकों के करीब आ जाते हैं. वन विभाग और ग्रामीणों के बीच तालमेल से ऐसे मामलों में खतरे को कम किया जा सकता है. फिलहाल मालगांव और आसपास के लोग पूरी तरह से अलर्ट पर हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t