अब क्यों बिलकिस बानो रेप केस के 3 दोषी पहुंचे सुप्रीम कोर्ट?

बिलकिस बानो रेप केस मामले के 11 दोषियों में से तीन ने जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने के लिए समय बढ़ाने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। बिलकिस बानो मामले के तीन दोषियों के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में तत्काल सुनवाई की मांग की है।

अब क्यों बिलकिस बानो रेप केस के 3 दोषी पहुंचे सुप्रीम कोर्ट?

Bilkis Bano case: बिलकिस बानो रेप केस मामले के 11 दोषियों में से तीन ने जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने के लिए समय बढ़ाने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। बिलकिस बानो मामले के तीन दोषियों के वकील ने सुप्रीम कोर्ट में तत्काल सुनवाई की मांग की है। याचिका का उल्लेख करने के बाद सुप्रीम कोर्ट उनकी याचिका को सूचीबद्ध करने के लिए सहमत हुआ है।

असल में जेल अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण करने का समय 21 जनवरी को खत्म हो रहा है...इसलिए सुप्रीम कोर्ट जल्द सुनवाई को तैयार हुआ है। ये याचिकाएं उन 11 लोगों को वापस जेल भेजने के आदेश के एक हफ्ते बाद आई हैं, जब सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जल्दी रिहाई देने वाले आदेश को रद्द कर दिया था।

19 जनवरी को होगी सुनवाई वरिष्ठ वकील वी चिताम्बरेश ने याचिका में शीघ्र सुनवाई की मांग करते हुए कहा कि तीनों लोगों के पास 21 जनवरी को आत्मसमर्पण करने से पहले केवल तीन दिन का समय था। न्यायमूर्ति बीवी नागरत्ना ने रजिस्ट्री को एक पीठ गठित करने के लिए भारत के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ से आदेश लेने का निर्देश दिया। न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुइयां शुक्रवार (19 जनवरी) को याचिकाओं पर सुनवाई करेंगे।

अपनी याचिकाओं में, तीनों व्यक्तियों ने अधिक समय का अनुरोध करने के लिए पारिवारिक शादियों और आश्रित माता-पिता से लेकर फसल के मौसम तक के कारणों का हवाला दिया है। 8 जनवरी 2024 को एक ऐतिहासिक फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने 2002 के गुजरात दंगों के दौरान बिलकिस बानो के साथ गैंगरेप करने और उसकी तीन साल की बेटी सहित उसके परिवार के सात सदस्यों की हत्या करने वाले 11 लोगों को सजा में छूट देने के गुजरात सरकार के फैसले को रद्द कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने 2022 में स्वतंत्रता दिवस पर रिहा किए गए दोषियों को 22 जनवरी तक आत्मसमर्पण करने का भी निर्देश दिया है।