छत्तीसगढ़ में पागल कुत्तों का आतंक, 3 गांवों में 5 लोगों पर किया हमला, अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी, ग्रामीणों में डर और आक्रोश का माहौल

Rabid dogs wreak havoc in Chhattisgarh; five people attacked in three villages; hospitalized, treatment ongoing; villagers gripped with fear and anger.

छत्तीसगढ़ में पागल कुत्तों का आतंक, 3 गांवों में 5 लोगों पर किया हमला, अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी, ग्रामीणों में डर और आक्रोश का माहौल

बलौदाबाजार : बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र में पागल कुत्तों के हमलों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है. तीन अलग-अलग गांवों में कुत्तों ने पांच लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रुप से घायल कर दिया. सभी घायलों को तत्काल पलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज जारी है.
सीएचसी पलारी के चिकित्सक डॉ. बीएस ध्रुव ने बताया कि हमले में घायल सभी मरीजों को गहरे जख्म आए हैं. ज्यादातर घायलों की उम्र ज्यादा होने की वजह से उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है. डॉक्टरों के मुताबिक कुत्तों के काटने से कई मरीजों के शरीर पर गंभीर घाव बने. जिन पर टांके लगाने पड़े हैं.
अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक शंकर लाल वर्मा को 15 टांके लगाए गए हैं. जबकि रजनी चंद्राकर को भी 15 टांके लगाने पड़े. वहीं रेखा रात्रे के पैर में गंभीर चोट आने के कारण 20 टांके लगाए गए हैं. इसके अलावा पवन बंजारे (उम्र 63 साल बिनौरी) और एक अन्य पीड़ित का उपचार जारी है. चिकित्सकों ने सभी की हालत स्थिर बताई है, हालांकि उन्हें कुछ दिनों तक चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता रहेगी.
पहली घटना ग्राम वटगन में हुई, जहां सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले शंकर लाल वर्मा उम्र 65 साल पर एक पागल कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया65  कुत्ते ने उनके पैर को बुरी तरह काट लिया65  जिससे वे गंभीर रुप से घायल हो गए. घटना के बाद उसी कुत्ते ने रजनी चंद्राकर उम्र 70 साल को भी निशाना बनाया. इस हमले में उनके हाथ और पैर पर गहरे जख्म आए.
दूसरी घटना ग्राम नवागांव में सामने आई, जहां रेखा रात्रे घर से गोबर थापने जा रही थीं. इसी दौरान गली में घूम रहे एक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया और उनके पैर को काट लिया. अचानक हुए हमले से महिला दर्द से कराह उठीं. जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया.
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में डर और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आवारा और आक्रामक कुत्तों की तादाद बढ़ती जा रही है. जिससे आए दिन खतरा बना रहता है. लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पागल कुत्तों को पकड़ने और उचित नियंत्रण के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है. स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने भी लोगों से सतर्क रहने, बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर न भेजने और किसी भी कुत्ते के काटने की घटना पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB