साइबर फ्रॉड के लिए ठगों को दिया खाता, बदले में हर महीने कमीशन 1 हजार, पुलिस ने ठगी में शामिल दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
The account was given to the fraudsters for cyber fraud, in return for a monthly commission of Rs 1,000. Police arrested two accused involved in the fraud.
रायगढ़ : रायगढ़ जिले की पुसौर पुलिस ने साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो म्यूल खाता धारकों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के “समन्वय” पोर्टल से साइबर अपराध से जुड़ी अहम जानकारियां शोध और अनुसंधान के लिए पुलिस को उपलब्ध कराई जाती हैं. इसी कड़ी में प्रदेश के कई बैंकों में साइबर धोखाधड़ी से मिली रकम के लेनदेन में इस्तेमाल हुए खातों का विवरण साइबर सेल रायगढ़ को मिला था. जांच के दौरान पुसौर क्षेत्र के कारीछापर निवासी ईश्वर सिदार का नाम सामने आया. जिसे तलब कर पूछताछ की गई.
पूछताछ में ईश्वर सिदार ने बताया कि उसके गांव के ही ऋषि कुमार सिदार ने उसे बैंक में जाकर अपने नाम से खाता खुलवाने के लिए कहा था और बदले में हर महीने 1000 रुपये देने का लालच दिया था. ईश्वर सिदार ने कर्नाटक बैंक में खाता खुलवाकर पासबुक ऋषि को सौंप दी थी. जिसके एवज में उसे 1000 रुपये मिले भी थे. इस खाते के लेनदेन के बारे में उसे आगे कोई जानकारी नहीं थी.
साइबर सेल की जांच में उक्त खाते में कुल 6,92,200 रुपये साइबर धोखाधड़ी से मिली रकम के रुप में जमा होना पाया गया. दोनों आरोपी यह जानते हुए कि इन खाते के जरिए अवैध तरीके से ठगी की रकम को हासिल कर उसे आगे पहुंचाने का काम जाएगा और उन्होंने यह कृत्य किया.
साइबर सेल रायगढ़ की लिखित शिकायत पर थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 263/2025 धारा 317(2), 317(4), 317(5), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरु की गई. जांच के दौरान ईश्वर सिदार उम्र 29 साल और ऋषि कुमार सिदार उम्र 33 साल दोनों निवासी कारीछापर थाना पुसौर, के खिलाफ जुर्म साबित होने पर उन्हें कल 13 नवंबर 2025 को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया.
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, साइबर सेल डीएसपी अनिल विश्वकर्मा, थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक रामकिंकर यादव, एएसआई उमाशंकर विश्वाल सहित पुलिस टीम का अहम योगदान रहा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



