पैसों की लालच में डबल मर्डर का 13 दिन बाद खुलासा, 70 CCTV कैमरों से मिला अहम सुराग, सहेली का पति निकला आरोपी प्रवेश कुमार

Double murder case solved after 13 days; motive was greed for money. Crucial clues were gathered from 70 CCTV cameras, and the accused has been identified as Pravesh Kumar—the husband of the victim's friend.

पैसों की लालच में डबल मर्डर का 13 दिन बाद खुलासा, 70 CCTV कैमरों से मिला अहम सुराग, सहेली का पति निकला आरोपी प्रवेश कुमार

सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सनसनी फैलाने वाले शिक्षिका और उनके बेटे के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने 13 दिन बाद खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने हरियाणा निवासी प्रवेश कुमार को गिरफ्तार किया है. आरोपी मृतक शिक्षिका की सहेली का पति बताया जा रहा है. मोटर पार्ट्स के कारोबार में आर्थिक नुकसान और पैसों की जरूरत के चलते आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. उसे जानकारी मिली थी कि शिक्षिका रजनी बरेठ ने करीब 19 लाख रुपये का लोन लिया है. इसी रकम की लालच में उसने हत्या की साजिश रची.
आर्थिक तंगी में रची हत्या की साजिश
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी प्रवेश कुमार मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है. वह मोटर पार्ट्स के कारोबार से जुड़ा था. लेकिन व्यापार में नुकसान होने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा था. आरोपी को पता चला था कि उसकी पत्नी की सहेली रजनी बरेठ ने करीब 19 लाख रुपये का लोन लिया है. इसके बाद उसने रजनी से पैसे हासिल करने की प्लान बनाई. पुलिस का दावा है कि आरोपी कई दिनों से वारदात की तैयारी कर रहा था.
पहले शिक्षिका की गला दबाकर हत्या
आरोपी प्रवेश कुमार प्लान के तहत शिक्षिका रजनी बरेठ के घर पहुंचा. वहां पैसों को लेकर विवाद होने के बाद उसने कथित तौर पर रजनी का गला दबाकर हत्या कर दी. इस वारदात के बाद आरोपी को डर सताने लगा कि शिक्षिका का बेटा सुजल राज वारदात का खुलासा कर सकता है. इसी आशंका में उसने सुजल को भी रास्ते से हटाने की प्लान बनाई.
गवाह बनने के डर से बेटे को भी मार डाला
मां की हत्या के बाद आरोपी सुजल राज को अपनी कार में बैठाकर जंगल की तरफ ले गया. वहां उसने सीमेंट के खंभे के टुकड़े से सुजल पर हमला किया. जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने सुजल की हत्या इसलिए की, क्योंकि उसे डर था कि वह अपनी मां की हत्या के बारे में जानकारी दे सकता है. इस तरह पैसों के लालच में शुरू हुई वारदात दोहरे हत्याकांड में बदल गई.
अलग-अलग स्थानों से बरामद हुए शव
10 अक्टूबर को सुजल राज का शव महावीरपुर जंगल में बरामद हुआ था. इसके अगले दिन शिक्षिका रजनी बरेठ का शव उनके किराये के मकान के बाथरूम से मिला. मां-बेटे के शव अलग-अलग स्थानों पर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों घटनाओं की कड़ियों को जोड़ते हुए जांच शुरु की.
70 CCTV कैमरों से मिला अहम सुराग
पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए करीब 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों और एक कार के नंबर से अहम सुराग मिले. इन्हीं सुरागों के आधार पर पुलिस प्रवेश कुमार तक पहुंची. पूछताछ के बाद पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के खुलासे का दावा किया. आरोपी की निशानदेही पर कार, स्टील की बोतल, सीमेंट के खंभे का टुकड़ा और मोबाइल फोन सहित अहम सबूत बरामद किए गए हैं.
आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जुटा रही सबूत
पुलिस ने प्रवेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. घटनास्थल से मिले सबूतों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी गई हैं. इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था. शिक्षिका और उनके बेटे की हत्या के पीछे परिचित व्यक्ति की कथित संलिप्तता सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है. पुलिस अब बरामद सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने शिक्षिका रजनी बरेठ की गला घोंटकर हत्या की थी. वहीं उनके बेटे सुजल के सिर पर वार कर उसकी जान ली गई थी. वारदात के बाद आरोपी फरार था. जिसकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में कामयाबी मिली और अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और हत्या की पूरी कड़ी को खंगाल रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb