रायपुर में वनरक्षक बनाने के नाम पर 11 लाख की ठगी, युवक फर्जी जॉइनिंग लेटर लेकर पहुंचा वन विभाग कार्यालय, खुली सच्चाई, शातिर आरोपी दीपराज गिरफ्तार
In Raipur, a man was duped of ₹11 lakh in the name of forest guard employment. A young man arrived at the Forest Department office with a fake joining letter, revealing the truth and arresting the cunning accused, Deepraj.
रायपुर : रायपुर में वन विभाग में वनरक्षक पद पर नियुक्ति दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी ने फर्जी नियुक्ति आदेश तैयार कर एक व्यक्ति से कुल 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी. मामले में थाना सरस्वती नगर में जुर्म दर्ज कर जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी प्रकाश कुमार ठाकुर निवासी महामाया चौक, थाना कसडोल, जिला बलौदा बाजार-भाटापारा ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी दीपराज गायकवाड़ निवासी सुंदर नगर, ओम सोसायटी, रायपुर ने उसे वन विभाग में वनरक्षक की सीधी भर्ती का झांसा दिया. आरोपी ने बताया था कि वर्ष 2023 में निकली भर्ती में कुछ पद रिक्त हैं और उन पर सीधी नियुक्ति की जा सकती है.
इस झांसे में लेकर आरोपी ने 11 जून 2025 से 28 मई 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन और नकद कुल 11 लाख रुपये वसूल किया. बाद में आरोपी ने प्रार्थी को वनरक्षक पद पर नियुक्ति का एक फर्जी और कूटरचित आदेश पत्र भी सौंप दिया. जिससे उसे यकीन हो सके कि उसकी नौकरी लग चुकी है.
जब प्रार्थी ने नियुक्ति आदेश लेकर वन विभाग पहुंचा तो उसके नियुक्ति आदेश की जांच की गई. तो वह पूरी तरह फर्जी पाया गया. इसके बाद जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने पैसे लौटाने से साफ इंकार कर दिया. इसके बाद मामला थाना सरस्वती नगर पहुंचा और एफआईआर दर्ज की गई.
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने सुनियोजित तरीके से ठगी की प्लान बनाई थी. उसने पहले सरकारी भर्ती प्रक्रिया की जानकारी का उपयोग कर पीड़ित का यकीन जीता और फिर धीरे-धीरे किश्तों में बड़ी रकम वसूली. इसके बाद फर्जी नियुक्ति पत्र बनाकर उसे असली दस्तावेज जैसा दिखाने की कोशिश की गई.
आरोपी ने यह भी दावा किया कि वन विभाग में 1484 पदों की भर्ती हुई थी. जिनमें 13 पद अभी भी रिक्त हैं और उन पर सीधे नियुक्ति की जा रही है. इसी झांसे में पीड़ित फंस गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप पटेल ने कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद थाना सरस्वती नगर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से फर्जी नियुक्ति आदेश से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए हैं. गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपराज गायकवाड़, उम्र 34 साल निवासी सुंदर नगर, ओम सोसायटी, दीनदयाल नगर, थाना डी.डी. नगर, रायपुर के रूप में हुई है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले भी थाना कसडोल में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है. इससे यह साफ होता है कि वह पहले भी इस तरह की आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है.
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की जांच जारी है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने अन्य लोगों को भी इसी तरह नौकरी का झांसा देकर ठगा है या नहीं.
आरोपी
दीपराज गायकवाड़ उम्र 34 साल निवासी सुंदर नगर, ओम सोसायटी, दीनदयाल नगर, थाना डी.डी. नगर, रायपुर
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



