साध्वी ने नगर पंचायत अध्यक्ष लवकुश कश्यप पर लगाए गंभीर आरोप, दुर्व्यवहार-हत्या की धमकी और प्रताड़ना की शिकायत लेकर पहुंचीं एसपी कार्यालय
Sadhvi levels serious allegations against Nagar Panchayat President Lavkush Kashyap; visits SP's office to complain about harassment, death threats, and mistreatment.
बिलासपुर : धार्मिक नगरी रतनपुर में एक साध्वी द्वारा नगर पंचायत अध्यक्ष पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है. जूना अखाड़ा से जुड़ी साध्वी पद्मनीपुरी राठौर ने नगर पंचायत अध्यक्ष लवकुश कश्यप पर दुर्व्यवहार, प्रताड़ना और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है. साध्वी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
मिली जानकारी के मुताबिक 3 जून को ग्राम फुलवारीपारा स्थित भयहरण हनुमान मंदिर आश्रम में एक मृत्यु भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम में साध्वी पद्मनीपुरी राठौर सहित कई संत-महात्मा और श्रद्धालु शामिल हुए थे. साध्वी का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान जब वह संत समाज के साथ भोजन कर रही थीं. तभी भाजपा नेता और नगर पंचायत अध्यक्ष लवकुश कश्यप वहां पहुंचे और कथित तौर पर उन्हें भोजन करने से रोकते हुए वहां से उठ जाने के लिए कहा.
साध्वी का कहना है कि इस दौरान उनके साथ संत समाज और मौजूद लोगों के सामने अभद्र व्यवहार किया. जिससे उनकी धार्मिक और सामाजिक गरिमा को ठेस पहुंची. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विरोध करने पर उन्हें अपमानित किया. और जान से मारने की धमकी दी गई. साध्वी ने दावा किया कि घटना के दौरान उनके साथ अशोभनीय व्यवहार भी किया गया. जिससे वे मानसिक रूप से आहत हुई हैं.
पहले भी परेशान करने का आरोप..
साध्वी पद्मनीपुरी राठौर ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा पहले भी आश्रम से जुड़े कई मामलों में उन्हें परेशान किया जाता रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि आश्रम से जुड़े अन्य विवादों में भी अध्यक्ष की भूमिका रही है. जिसके कारण उन्हें लगातार मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है.
कामुक मानसिकता से प्रेरित’
पद्मनिपुरी साध्वी ने पत्रकारों से चर्चा में नगर पंचायत अध्यक्ष पर गंभीर व्यक्तिगत आरोप भी लगाए. उन्होंने कहा कि वह लवकुश कश्यप की मानसिकता और मंसूबों को समझ चुकी हैं. साध्वी ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष कामुक मानसिकता से प्रेरित होकर उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं. उनका आरोप है कि चपोरा स्थित मठ, जहां वह रहकर साधना करती हैं, वहां तक पहुंचकर अशोभनीय इशारे और हरकतें की जाती हैं. जिससे वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं.
थाने में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का दावा..
साध्वी का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने थाना रतनपुर में भी शिकायत दर्ज कराई थी. लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इसी कारण उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले को उच्च स्तर पर उठाया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है.
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई..
मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिली है और आरोपों की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
गौरतलब है कि रतनपुर प्रदेश की प्रमुख धार्मिक नगरी के रूप में पहचान रखता है. ऐसे में संत समाज से जुड़े इस विवाद ने स्थानीय स्तर पर भी चर्चा का माहौल बना दिया है. अब सभी की नजर पुलिस जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी हुई है. यह खबर शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर तैयार की गई है. आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. मामले की जांच जारी है इस मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष लवकुश कश्यप का पक्ष सामने नहीं आया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



