जुआरियों को पकड़ने गए कॉन्स्टेबल की बाइक को जुए की रेड से नाराज युवक ने लगाई आग, आरोपी दुलेश्वर गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल

A youth, angry at the gambling raid, set a constable's bike on fire while he was trying to apprehend gamblers. The accused, Duleshwer, was arrested and sent to jail.

जुआरियों को पकड़ने गए कॉन्स्टेबल की बाइक को जुए की रेड से नाराज युवक ने लगाई आग, आरोपी दुलेश्वर गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल

दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी से नाराज एक युवक ने कॉन्स्टेबल की बाइक में आग लगा दी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरु की और आरोपी दुलेश्वर ठाकुर उर्फ गोल्टू उम्र 35 साल को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला नेवई भाठा क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक 19 अक्टूबर की देर रात करीब 12 बजे नेवई पुलिस को खबर मिली कि नेवई भाठा नर्सरी के अंदर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं. खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नर्सरी के भीतर दबिश दी. पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई के दौरान अपनी-अपनी बाइकें सड़क किनारे खड़ी की थीं. जैसे ही पुलिस ने जुआरियों को पकड़कर बाहर लौटना शुरु किया। तभी सड़क किनारे एक बाइक में अचानक आग लग गई. पुलिसकर्मी भागकर मौके पर पहुंचे तो देखा कि कॉन्स्टेबल भूमिंद्र वर्मा की पल्सर बाइक धू-धू कर जल रही थी. बाइक को बुझाने की कोशिश की गई. लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था.
जांच में यह साफ हुआ कि किसी ने जानबूझकर नुकसान पहुंचाने की नीयत से बाइक में आग लगाई है. इस पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 324(4) और 326(च) भा.दं.सं. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की. पुलिस टीम ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आसपास के लोगों से पूछताछ की. इस दौरान एक मुखबिर से मिली खबर ने पुलिस को वारदात के असली आरोपी तक पहुंचा दिया।
पुलिस को खबर मिली कि नेवई भाठा का निवासी दुलेश्वर ठाकुर उर्फ गोल्टू घटना के पीछे है. खबर के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की. शुरुआत में आरोपी ने खुद को निर्दोष बताया। लेकिन जब पुलिस ने सबूतों के बारे में बताया तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पूछताछ के दौरान दुलेश्वर ठाकुर ने बताया कि उस रात पुलिस ने जिस जुआ अड्डे पर दबिश दी थी. वहां उसके कुछ जानने वाले लोग पकड़े गए थे. वह रेड की कार्रवाई से बेहद नाराज था और पुलिस से बदला लेने की नीयत से उसने बाहर खड़ी कॉन्स्टेबल भूमिंद्र वर्मा की बाइक में आग लगा दी. घटना को अंजाम देकर वह मौके से फरार हो गया था.
नेवई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की साजिश तो नहीं थी या आरोपी अकेले ही इस वारदात में शामिल था.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t