शिक्षा विभाग शर्मसार: दुष्कर्म के आरोप में प्रधान पाठक राजेश्वर प्रसाद सस्पेंड, इधर फर्जी अंकसूची वाले शिक्षक सुभाष साहू बर्खास्त
Education department shamed: Head teacher Rajeshwar Prasad suspended on rape charges, while teacher Subhash Sahu dismissed for having fake marksheet.
जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह विकासखण्ड से शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. शासकीय प्राथमिक शाला कोनियापाट के प्रधान पाठक राजेश्वर प्रसाद जायसवाल पर नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म और छेड़छाड़ की गंभीर कोशिश का आरोप लगा है.\
मिली जानकारी के मुताबिक 9 सितंबर 2025 को मध्यान्ह भोजन से पहले करीब 11 बजे प्रधान पाठक ने ग्राम कोनियापाट की नाबालिग छात्रा को घर में अकेला पाकर गलत हरकत की. इस घटना की पुष्टि पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामवासियों और समग्र शिक्षा समिति के अध्यक्ष ने की है। शिकायत पर थाना सारागांव में जुर्म दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ धारा 331(1), 75(1) बीएनएस और पोक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
जिला शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधान पाठक राजेश्वर प्रसाद जायसवाल को सिविल सेवा नियम 1966 के नियम 9 के तहत सस्पेंड कर दिया है.
वहीं दूसरा मामला नवागढ़ ब्लॉक के कोसंमदी प्राथमिक शाला का है. यहां के शिक्षक सुभास साहू ने नियुक्ति के समय फर्जी अंकसूची पेश की थी. बीईओ स्तर पर जांच और संस्थान से सत्यापन के बाद अंकसूची फर्जी पाई गई. जिसके बाद जिला शिक्षा विभाग ने सुभास साहू को सेवा से बर्खास्त कर दिया है.
जिला शिक्षा अधिकारी अश्वनी कुमार भारद्वाज का कहना है कि “जांच में दोनों मामलों की पुष्टि हुई है. प्रधान पाठक राजेश्वर प्रसाद जायसवाल के खिलाफ गंभीर आरोप पाए जाने पर तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई है और मामला पुलिस के हवाले है. वहीं शिक्षक सुभास साहू की अंकसूची फर्जी पाई गई, जिसके आधार पर उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. शिक्षा विभाग किसी भी तरह की लापरवाही या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं करेगा.”
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



