आरंग में बिना काम कराए ठेकेदार को 35 लाख 82 हजार का भुगतान, अब दूसरी जगह बस स्टैंड शिफ्ट करने की तैयारी, शिवसेना ने जताया विरोध

A contractor in Arang was paid 35.82 lakh rupees without any work being done, and the bus stand is now being relocated, with Shiv Sena protesting.

आरंग में बिना काम कराए ठेकेदार को 35 लाख 82 हजार का भुगतान, अब दूसरी जगह बस स्टैंड शिफ्ट करने की तैयारी, शिवसेना ने जताया विरोध

आरंग : आरंग नगर पालिका में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है. यहां एक ठेकेदार को बिना काम किए ही 35 लाख 82 हजार रुपये का भुगतान कर दिया गया है. लेकिन निर्माण स्थल पर अभी तक एक ईंट भी नहीं रखी गई थी और इस निर्माण कार्य को दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी है. इस काम को जल्द ही शुरु कराने और संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग को लेकर शिवसेना ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध जताया.
मिली जानकारी के मुताबिक आरंग के बस स्टैंड का कायाकल्प करने के लिए 6 करोड़ 69 लाख रुपये का वर्क ऑर्डर मेसर्स राधेश्याम अग्रवाल अवंती विहार रायपुर को मिला था. इसमें सर्वसुविधायुक्त व्यावसायिक परिसर का निर्माण भी होना था. वर्क ऑर्डर में इस काम को डेढ़ साल में पूरा करना था. लेकिन अब तक निर्माण कार्य अभी तक शुरु नहीं हो पाया है. हैरानी की बात है कि ठेकेदार को इस काम के लिए 35 लाख 82 हजार रुपये का भुगतान कर दिया गया है. आरंग नगर पालिका परिषद की बैठक में बस स्टैंड को बैहार में शिफ्ट करने की सहमति भाजपा पार्षदों और शिवसेना द्वारा दी गई थी. कांग्रेस ने इसका विरोध भी किया। चूंकि जिस जगह पर इस निर्माण कार्य को कराया जाना था वह जगह शामिलात चारागाह की जमीन है. इसके लिए मद परिवर्तन की जरुरत होगी.
इस दौरान प्रक्रिया अभी लंबी है. लेकिन बस स्टैंड को अन्य जगह शिफ्ट करने की जानकारी मिलने के बाद से नगर में विरोध के स्वर उठने लगे हैं. आरंग में शिवसेना ने ग्रामीण जिलाध्यक्ष और पार्षद प्रतिनिधि राकेश शर्मा के नेतृत्व में मुख्य नगर पालिका अधिकारी शीतल चंद्रवंशी को ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया है.
ज्ञापन में शिवसेना ने आरंग नगर पालिका प्रशासन और संबंधित ठेकेदार पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर नए सिरे से निविदा आमंत्रित कर काम को आरंग के बस स्टैंड में ही शुरु कराने की मांग रखी है.
इस मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी शीतल चंद्रवंशी ने बताया कि ठेकेदार को उस वक्त प्रावधान के तहत अग्रिम भुगतान की गई थी. ठेकेदार अभी भी काम करना चाहता है. लेकिन स्थल परिवर्तन को लेकर परिषद में प्रस्ताव पास हुआ है. जिसके कारण काम शुरु नहीं हो सका है.
वहीं आरंग नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन का कहना है कि भविष्य की जरुरत को देखते हुए आरंग नगर में व्यवसाय के क्षेत्र को विस्तार करने के मकसद से इसका स्थान बदला जा रहा है. नए बस स्टैंड के बनने से पुराने बस स्टैंड के आसपास का व्यवसाय प्रभावित नहीं होगा. जब परिषद में बस स्टैंड के स्थल परिवर्तन का एजेंडा आया था तब शिवसेना के पार्षदों ने भी सहमति जताई थी. लेकिन शिवसेना द्वारा इसका अभी विरोध करना समझ से परे है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t