फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन बिक्री में हेराफेरी, पुलिस ने ठगी गैंग के मास्टरमाइंड सुरेश मिश्रा को गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे

Fraud in land sale by creating fake documents, police arrested the mastermind of the fraud gang Suresh Mishra and sent him behind bars

फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन बिक्री में हेराफेरी, पुलिस ने ठगी गैंग के मास्टरमाइंड सुरेश मिश्रा को गिरफ्तार कर भेजा सलाखों के पीछे

बिलासपुर : जमीन ठगी के बड़े मामले में बिलासपुर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी सुरेश कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप है कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन की बिक्री की थी. इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. यह मामला मामला वर्ष 1999 का है.
मिली जानकारी के मुताबिक आवेदक अरुण कुमार दुबे ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उन्होंने वर्ष 1999 में ग्राम मोपका स्थित खसरा नंबर 404 की 3000 वर्गफुट भूमि खरीदी थी. इस दौरान सुरेश मिश्रा ने खुद को जमीन का मुख्तियार आम बताते हुए बिक्री की. बाद में नामांतरण और डायवर्सन भी कराया गया और कब्जा भी दिया गया.
शिकायतकर्ता के मुताबिक जब उन्होंने उक्त जमीन को सावित्री देवी राठौर को बेचा तो नामांतरण के लिए आवेदन पेश करने पर सुरेश मिश्रा ने अपने साथियों के साथ मिलकर विक्रय विलेख के द्वितीय प्रति में छेड़छाड़ कर तहसील कार्यालय में आपत्ति पेश की.
इस आधार पर उनके नाम दर्ज जमीन का खसरा नम्बर बदल दिया गया और उनके अधिकार को विलोपित कर दिया गया. जांच के दौरान यह पाया गया कि सुरेश मिश्रा ने मूल प्रति में खसरा नम्बर 404 और कार्बन प्रति में 429/2 दर्ज कराकर धोखाधड़ी की है.
इस मामले में सरकंडा थाना पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471, 120बी और 34 आईपीसी के तहत कार्रवाई की. और पहले ही आरोपी महेंद्र सिंह ठाकुर, राजेश कुमार मिश्रा, मनोज कुमार दुबे और बनमाली मंडल को गिरफ्तार किया जा चुका है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी सरकंडा निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक निलेश पांडेय के नेतृत्व में कार्रवाई कर लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सुरेश मिश्रा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है.
पुलिस का कहना है कि मिश्रा और उसका पार्टनर हैरी जोसेफ, सरकारी जमीन को रसूखदारों तक पहुंचाने के लिए रिकॉर्ड से छेड़छाड़ का खेल रचते थे. बीच के बाबुओं और कर्मचारियों को खरीदकर वे जमीन ठगी का धंधा चलाते रहे. अब मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य जुड़े मामलों की भी तहकीकात कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t