कबीरधाम में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, सर्व यादव समाज के प्रतिनिधि गांव पहुंचे, पुलिस पर गंभीर आरोप, ग्रामीणों शव रखकर किया चक्का जाम
In Kabirdham, a youth committed suicide by hanging himself, representatives of all Yadav community reached the village, serious allegations were made against the police, angry villagers blocked the road by placing the dead body
कबीरधाम : कबीरधाम जिले के ग्राम अचानकपुर निवासी माखनलाल यादव पिता नारद यादव उम्र 25 साल द्वारा खुदकुशी करने की घटना ने अब प्रदेशभर में तूल पकड़ लिया है. इस मामले में मृतक के परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है. घटना के बाद सर्व यादव समाज के प्रदेश एवं जिला स्तरीय प्रतिनिधियों ने गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और आत्महत्या के पीछे के कारणों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की. एसपी ने बोड़ला टीआई को लाइन अटैच कर दिया है. और तीन थाना प्रभारियों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया. यह मामला बोड़ला थाना क्षेत्र के खड़ौदा गांव के आश्रित ग्राम तेंदूटोला का है.
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया. वहीं परिजनों के साथ मिलकर ग्रामीणों ने नेशनल हाइवे 130A पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने मामले में दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित मृतक के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा व एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है. इस मामले में एसडीएम रुचि ससरदुल ने मीडिया को कोई भी जवाब देने से इनकार कर दिया.
परिजनों और पंचायत प्रमुखों ने समाज के नेताओं को बताया कि मृतक माखनलाल यादव के भाई गोपाल यादव को चोरी की चांदी के जेवर से जुड़ी जानकारी देने पर पुलिस ने थाने बुलाकर बुरी तरह पीटा. जिससे माखनलाल मानसिक रुप से टूट गया और उसने खुदकुशी कर ली.
यह पूरा मामला तब शुरु हुआ जब गोपाल यादव को शक हुआ कि एक व्यक्ति चोरी की चांदी के जेवर सस्ते में बेच रहा है. गोपाल ने उन जेवरात की तस्वीरें व्हाट्सएप पर साझा कर दीं. इसके बाद पुलिस ने चांदी बेचने वाले व्यक्ति को पूछताछ के लिए बुलाया. जिसने पूछताछ में गोपाल का नाम भी लिया. फिर गोपाल यादव को थाने बुलाकर पुलिस द्वारा प्रताड़ित किया गया.
इस घटना से आहत होकर माखनलाल ने फांसी लगाकर जान दे दी. 31 जुलाई को एसडीओपी ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी और बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी को लाइन अटैच कर दिया गया है. आगे की मदद के लिए शासन से निवेदन किया जाएगा.
सर्व यादव समाज ने इस घटना को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है और इसे समाज के लिए अपमानजनक बताया है. समाज के प्रतिनिधियों ने फैसला लिया है कि कल 4 अगस्त को न्यायिक जांच की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा. अगर प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेशभर से यादव समाज के लोग कबीरधाम जिला मुख्यालय में विशाल धरना देंगे.
इस घटना को लेकर समाज के भीतर तीव्र आक्रोश है और बुद्धिजीवी वर्ग ने इसकी कड़ी निंदा की है. इस बारे में आयोजित बैठक में सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदू, मुंगेली जिलाध्यक्ष धनीराम यादव, कवर्धा जिलाध्यक्ष राकेश यदू, कार्यवाहक अध्यक्ष ओम यदू, पूर्व प्रत्याशी संतोष यादव, महामंत्री प्रकाश यादव, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष अजय यादव (पुतकी कला), सरपंच हिरामणी ग्वाला एवं झेरिया यादव समाज अध्यक्ष धनीराम यादव समेत कई प्रतिनिधि शामिल हुए.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



