गरियाबंद में भालू का हमला: शौच के लिए गए ग्रामीण गंभीर घायल, आंखों के ऊपर पंजे और नाखून से गहरे जख्म, रेंजर सुशील सागर ने पहुंचाया हॉस्पिटल
Bear attack in Gariaband: Villager seriously injured while out to relieve himself; sustained deep wounds above the eyes from claws and nails. Ranger Sushil Sagar rushed him to the hospital.
गरियाबंद/देवभोग : सुबह 45 वर्षीय दनारदन मांझी रोज की तरह घर से निकले थे. लेकिन कुछ ही देर बाद जंगल क्षेत्र के पास उनका सामना भालू से हो गया. अचानक हुए हमले में भालू ने उन पर पंजों और नाखूनों से हमला कर दिया। हमले में दनारदन के चेहरे, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं. दोनों आंखों के ठीक ऊपर गहरे जख्म होने से उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक दनारदन मांझी पिता श्याम सुंदर मांझी उम्र 45 साल निवासी ग्राम कालीमाटी, पंचायत बुडघेलटप्पा गुरुवार सुबह करीब 6 बजे दनारदन मांझी ध्रुवागुड़ी पेट्रोल पंप के पास स्थित निरगिरी पलटा क्षेत्र में शौच के लिए गए थे. इसी दौरान वहां मौजूद भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया। दनारदन को संभलने का मौका भी नहीं मिला और वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
दोनों आंखों के ऊपर पंजे के गहरे निशान
भालू के हमले में सबसे गंभीर चोट चेहरे पर आई है। दोनों आंखों के ऊपर पंजे और नाखून लगने से गहरे जख्म हो गए हैं. इसके अलावा सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) सुशील कुमार सागर ने बेहतरीन सूझबूझ और संवेदनशीलता का परिचय दिया. उन्होंने बिना एक पल गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और अपनी विभागीय गाड़ी से घायल युवक को फौरन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) देवभोग पहुंचाया. रेंजर की इस त्वरित सक्रियता और मानवीय पहल की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है. जिसके चलते समय रहते घायल को बेहतर चिकित्सकीय उपचार मिल सका.
बीएमओ प्रकाश साहू के मुताबिक भालू के हमले में घायल के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं. आंखों के ऊपर गहरे जख्म होने की वजह से उनका इलाज किया जा रहा है.
वन विभाग द्वारा तात्कालिक सहायता और मुआवजा
वन विभाग ने पीड़ित परिवार को तुरंत तात्कालिक राहत राशि उपलब्ध कराई है. साथ ही परिजनों को विधिवत मुआवजा प्रकरण तैयार करने के लिए आवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है. विभाग ने आश्वस्त किया है कि घायल युवक के संपूर्ण इलाज का खर्च शासकीय नियमानुसार मुआवजा मद से वहन किया जाएगा.
हमले के बाद गांवों में दहशत
घटना के बाद आसपास के गांवों में भालू की मौजूदगी को लेकर दहशत का माहौल है. जिस क्षेत्र में ग्रामीण सुबह के समय रोजमर्रा के कामों के लिए आते-जाते हैं. वहां भालू के अचानक हमले ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है. ताकि भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
हफ्तेभर पहले कराई गई थी मुनादी, सतर्कता बरतने की अपील
क्षेत्र के जंगलों में विगत कुछ वर्षों में वन्यजीवों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है. इसी को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने सप्ताह भर पहले ही आसपास के ग्रामीण इलाकों में मुनादी करवाकर ग्रामीणों को जंगलों की ओर अकेले न जाने और पूरी सतर्कता बरतने की चेतावनी दी थी. वन विभाग ने एक बार फिर ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें और जंगल क्षेत्र में अकेले जाने का जोखिम न उठाएं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



