पत्नी घर छोड़कर गई तो पति ने कर दी पड़ोसी की हत्या, घर में छिपकर बैठा हत्यारा, पुलिस ने छत से मिर्ची का धुआं छोड़कर आरोपी को किया गिरफ्तार
Husband kills neighbor after wife leaves home; the killer lay in wait inside the house, and police arrested him after releasing chili smoke through the roof.
गरियाबंद : शराबी पति से तंग आकर पत्नी ने घर छोड़ा तो पति ने पड़ोसी को मौत के घाट उतार दिया. वारदात के बाद घर में छुपे आरोपी को बाहर निकालने में 50 से ज्यादा जवानों को 7 घंटे मशक्कत करनी पड़ी. हेलमेट पहनी पुलिस ने घर के अंदर मिर्ची का धुएं किया तब आरोपी बाहर निकला. अब उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा ग्राम में रहने वाले 32 साल के हीरा नागेश ने सुबह 6 से 7 बजे अपने पड़ोसी खोलबहरा नागेश उम्र 38 साल की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी. इस वारदात के पहले आरोपी ने एक और पड़ोसी 25 साल के नरेंद्र पर भी जानलेवा हमला किया था. जो किसी तरह जान बचाकर भाग निकला था.
शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा ने बताया कि आरोपी की पत्नी घर से भाग गई. जिसको उकसाने का आरोप लगाकर आरोपी ने अपने पड़ोसियों पर हमला किया. आरोपी के हमले से खोलबहरा नागेश की मौके पर मौत हो गई. वहीं घायल एक अन्य युवक का इलाज मैनपुर अस्पताल में चल रहा है. आरोपी को गिरफ्तार कर कई धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.
आरोपी को पकड़ने 7 घंटे करनी पड़ी मशक्कत
वारदात की खबर लगते ही शोभा पुलिस दल बल के साथ आरोपी को पकड़ने मौके पर पहुंची पर आरोपी अपने आपको मकान में कैद कर लिया. शुरुआत में पुलिस ने आरोपी को हल्के में लिया. उसे पकड़ने घर पहुंची तो आरोपी ने गुलेल से हमला किया. कुछ जवान चोटिल भी हुए. काबु में नहीं आता देख मैनपुर पुलिस और एसडीओपी भी मौके पर पहुंचे. आरोपी को घर से बाहर निकालने के लिए क्वेलू के ऊपर से पुलिस को मिर्ची का धुंआ छोड़ना पड़ा. इसके बाद आरोपी निकलते ही 200 मीटर तक जवानों पर हमला करने दौड़ाता रहा. किसी तरह जवानों ने उस पर काबू पाया और 7 घंटे की मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया.
नशेड़ी पति आए दिन करता था झगड़ा
राज मिस्त्री का काम करने वाला आरोपी नशे का आदि था. कुछ महीने तक दवा लेकर पीना छोड़ दिया था. लेकिन मानसिक तनाव में रहता था. फिर से दोबारा शराब पीना शुरू किया तो आक्रामक हो गया. आए दिन घर में झगड़ा करता था. बीती रात भी पत्नी जागेश्वरी के साथ विवाद किया. सुबह होते ही जागेश्वरी पति के उठने से पहले घर छोड़कर मायके भाग गई. सुबह उठते ही 6 बजे से आरोपी पत्नी को ढूंढता रहा. वह पहले नरेंद्र के साथ विवाद किया फिर खोलबहारा पर जानलेवा हमला कर दिया.
दहशत से बंद रहे स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र
सुबह से गांव में लहूलुहान शव के चलते गांव में सनसनी फैल गई. तांडव मचा रहे आरोपी के डर से गांव सहमा रहा. ग्रामीणों का दिनचर्या बंद रही. डर के चलते स्कूल और अंगनबाड़ी को भी नहीं खोला गया.



