स्कूल में एबीवीपी कार्यकर्ताओं द्वारा तोड़फोड़!, शिक्षकों में दहशत, कक्षाएं बंद, प्रबंधन ने दर्ज कराई FIR, NSUI ने किया कार्यवाही की मांग
ABVP workers vandalize school! Teachers panic, classes closed, management files FIR, NSUI demands action
रायगढ़ : शहर के प्रतिष्ठित पीएम शासकीय नटवर स्कूल में हाल ही में हुई तोड़फोड़ की घटना से शिक्षकों और छात्रों में दहशत का माहौल बन गया है. इस गंभीर मामले में स्कूल प्रबंधन ने कोतवाली थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. स्कूल में हुई तोड़फोड़ के बाद शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्कूल के हालात का जायजा लिया और शिक्षकों से चर्चा की.
इस दौरान शिक्षकों ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई और कक्षाएं संचालित करने से साफ इंकार कर दिया. शिक्षकों का कहना है कि जब तक स्कूल परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होती. तब तक वे पढ़ाने में असमर्थ हैं. इसी मांग को लेकर शुक्रवार को स्कूल की प्राचार्या समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई.
स्थिति इतनी संवेदनशील हो गई कि शुक्रवार को प्राथमिक अंग्रेजी माध्यम की सभी कक्षाएं बंद रखी गई. कलेक्टर कार्यालय पहुंची प्राचार्या ने मीडिया के सामने किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इंकार कर दिया. वहीं एसडीओपी सुशांतो बनर्जी ने पुष्टि करते हुए बताया कि शासकीय कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना को गंभीरता से लिया गया है और कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
मामले की जांच जारी है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. स्कूल प्रबंधन, शिक्षक अब प्रशासन से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और बच्चों की पढ़ाई बिना किसी डर के सुचारु रुप से चल सके.
बताया जा रहा है कि 11 सितंबर, गुरुवार को स्कूल परिसर में लगाए गए गरबा और डांडिया के पोस्टरों को प्राचार्य द्वारा हटवा दिया गया. यह पोस्टर प्राचार्य कक्ष के सामने लगाए गए थे. जिनकी अनुमति नहीं थी. प्राचार्य द्वारा पोस्टर हटवाने के बाद एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने परिसर में हंगामा किया और शासकीय संपत्ति को क्षति पहुंचाई. तोड़फोड़ में फूलों के गमले, कुर्सियाँ, टेबल, कम्प्लेन बॉक्स, दीवार घड़ी और कांच के गिलास शामिल हैं.
इस घटना के खिलाफ राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित दोषियों के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करने की मांग की. NSUI का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जा सकती है. और कानून को अपने हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है. NSUI सदस्यों ने यह भी कहा कि असगर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही नहीं हुई. तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होगा.
पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि तत्काल प्रभाव से घटना की जांच कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए. ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



