दिवाली के दूसरे दिन हुआ हादसा, तालाब में नहाने के दौरान 7 साल का नाबालिग और 12 वर्षीय बालिका की मौत, चचेरे भाई-बहन की मौत से पसरा मातम

Accident happened on the second day of Diwali 7 year old minor and 12 year old girl died while bathing in the pond mourning spread due to the death of cousin brother and sister

दिवाली के दूसरे दिन हुआ हादसा, तालाब में  नहाने के दौरान 7 साल का नाबालिग और 12 वर्षीय बालिका की मौत, चचेरे भाई-बहन की मौत से पसरा मातम

सूरजपुर/बिश्रामपुर : दीपावली के दूसरे दिन सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कुरुवां में नहाने केदौरान तालाब में डूबने से चचेरे भाई-बहन की मौत हो गई. दोनों को डूबता देख वहां मौजूद युवक ने उन्हें बचाने पानी में छलांग लगाई. लेकिन वह उन्हें नहीं बचा सका. खबर पर पहुंची बिश्रामपुर पुलिस ने शवों को बरामद कर पीएम के बाद परिजन को सौंप दिया. मासूम बालक-बालिका की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है.
बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुरुवां के हरिजनपारा निवासी आधा दर्जन बच्चे दीपावली के दूसरे दिन गांव के ही निस्तारी तालाब में गए थे. यहां नहाने के दौरान 7 साल का प्रफुल्ल पिता सूरज रवि और 12 साल की सानिया पिता रवि अचानक डूबने लगे.
बच्चों के चिल्लाने की आवाज पर तालाब के दूसरे छोर में नहा रहे गांव के अजय ने दूसरे बच्चों से पूछा कि कौन चिल्ला रहा है तो बच्चों ने बताया कि सानिया और प्रफुल्ल डूब गए हैं. इसके बाद अजय ने पानी में छलांग लगाकर प्रफुल्ल को जीवित होने की आस में किसी तरह पानी से निकाल लिया. लेकिन तब तक उसकी सांसे थम चुकी थी.
प्रफुल्ल को निकालने के बाद उसने दोबारा तालाब में छलांग लगाई. लेकिन सानिया का कहीं पता नही चला. इसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे और तालाब में सानिया की तलाश की गई तो उसका भी शव ग्रामीणों ने खोज निकाला.
खबर पर बिश्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंच शव पंचनामा पीएम के बाद दोनों बच्चों के शव को परिजन के सुपुर्द कर मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है.
मूक बधिर हैं प्रफुल्ल के मां-बाप
ग्राम पंचायत कुरुवां के सरपंच प्रतिनिधि पुनेश्वर सिंह ने बताया कि मृतक प्रफुल्ल के मां-बाप मूक-बधिर हैं. प्रफुल्ल की एक बहन है. जबकि मृतका सानिया के 2 भाई हैं.
दोनों परिवार बेहद गरीब हैं. प्रफुल्ल के मां-बाप गांव में ही मजदूरी कर जीवन यापन करते हैं और सानिया अपने पिता के साथ रहती थी. उसके पिता वाहन चालक हैं और वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं.
विधायक व पंचायत ने दी सहायता राशि
शुक्रवार को घटित आकस्मिक घटना से गांव में शोक का माहौल हो गया है. परिवार के सदस्य दीपावली के दूसरे दिन हुए हादसे से सदमे में हैं. प्रेमनगर विधायक ने परिवार के सदस्यों को पांच-पांच हजार रुपए और पंचायत द्वारा दो-दो हजार रुपए की तत्कालिक सहायता राशि परिजन को अंतिम संस्कार के लिए दिया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb