सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट और धमकी, आरोपी अरुण गिरफ्तार, साथी फरार, बढ़ती गुंडागर्दी चिंता का विषय, सुरक्षा को लेकर कर्मियों में दहशत

Cleaning workers assaulted and threatened, accused Arun arrested, partner absconding, increasing hooliganism a matter of concern, workers terrified about safety

सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट और धमकी, आरोपी अरुण  गिरफ्तार, साथी फरार, बढ़ती गुंडागर्दी चिंता का विषय, सुरक्षा को लेकर कर्मियों में दहशत

बिलासपुर : शहर में गुंडागर्दी और मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के साथ मारपीट, गाली-गलौज, छेड़खानी और चाकू लेकर दौड़ाने की घटना सामने आई है. घटना से कर्मचारियों में दहशत का माहौल है. शुक्रवार को सफाई कर्मचारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी राजनेश सिंह से मुलाकात कर मामले की शिकायत की. एसपी ने मौके पर मौजूद सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केवट को आरोपी और उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार के लिए निर्देश दिया. यह मामला तिफरा क्षेत्र के बछेरा तालाब के पास का है.
मिली जानकारी के मुताबिक नगर निगम कर्मचारी कीर्ति बर्मन ने बताया कि वह और उनके साथी रोजाना सुबह बछेरा तालाब, तिफरा क्षेत्र में सफाई के लिए जाते हैं. इस दौरान अज्ञात व्यक्ति, जिसकी पहचान अरुण मानिकपुरी के रुप में हुई. वहां आकर गाली-गलौज, छेड़खानी और चाकू से जान से मारने की धमकी देता है. कभी बेल्ट से दौड़ाता है. कभी कॉलर पकड़कर मारपीट करता है. मामले की शिकायत सिरगिट्टी थाने में करने पर आरोपी अरुण मानिकपुरी को गिरफ्तार किया गया.
कर्मचारी गिरजा शंकर बर्मन ने बताया कि तीन दिन पहले आरोपी ने उनके भाई को रास्ते से रुम मालिक के घर तक पीटा। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने उन्हें भी धमकी दी. वह अक्सर नशाखोरी करता है और सफाई कर्मचारियों को डराता-धमकाता है.
कर्मचारियों का कहना है कि आरोपी भले ही गिरफ्तार हो गया है. लेकिन उसके साथी अब भी क्षेत्र में घूम रहे हैं. इससे उनकी सुरक्षा को खतरा बना हुआ है. गिरजा शंकर बर्मन ने बताया कि गुरुवार शाम को वे अपनी बीमार बच्ची को अस्पताल ले जा रहे थे. तभी आरोपी ने उनका पीछा किया. वे भागकर मेडिकल के पास पहुंचे और अपने परिचितों को बुलाया। जिसके बाद आरोपी दारु भट्टी की तरफ भाग गया.
कर्मचारियों ने आशंका जताई है कि आरोपी के साथी किसी भी समय उन पर हमला कर सकते हैं. पीड़ित कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के सभी साथियों की गिरफ्तारी, गश्त बढ़ाने और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है. उनका कहना है कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई. तो कभी भी किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता है.
ऐसी घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि नगर में बढ़ती गुंडागर्दी और नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए कब ठोस कदम उठाने की सख्त जरुरत है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB