बंदूक के सामने नहीं झुकी हिम्मत, पिस्टल दिखाकर लूट की कोशिश हुई नाकाम, स्कूटी सवार होटल व्यवसायी की सूझबूझ से टली वारदात
Courage refused to yield to the gun; a pistol-wielding robbery attempt failed; the incident was averted thanks to the presence of mind of a hotelier riding a scooter.
बिलासपुर : स्कूटी सवार होटल व्यवसायी का रास्ता रोककर तीन युवकों ने दो बंदूक तानकर सोने के चैन लूटने की कोशिश की. इस बीच व्यवसायी ने हिम्मत दिखाते हुए स्कूटी से उतरकर लूटेरों के सामने सीना तानकर खड़े हो गए और कहा गोली चलाना है तो चलाओ. मगर चैन नहीं दूंगा. इसके बाद व्यवसायी पैदल चलते हुए एक युवक के करीब गया पर फिर बदमाश के बंदूक लोड करने पर वापस मुडक़र अपनी जान बचाकर भाग गए. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. इस मामले में पुलिस जुर्म दर्ज कर जांच कर रही है. यह मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब सात बजे जबड़ापारा निवासी लखन लाल देवांगन पिता स्व उदय देवांगन उम्र 46 साल मिशन अस्पताल रोड स्थित लखीराम ऑडिटोरियम के सामने नीटी स्वीट्स नाम से होटल संचालित करते हैं. शुक्रवार की सुबह लखन लाल स्कूटी से दुकान जा रहे थे. तभी जबड़ापारा मोहल्ले में बाइक सवार तीन युवकों ने सामने में बाइक अड़ाकर रोक लिया. फिर तीनों युवकों ने बाइक से उतरे. जिसमें दो युवक एक-एक बंदूक रखे थे. बंदूक को लखन लाल के सामने अड़ाकर सोने के चैन उतारने के लिए बोले और नहीं उतारने पर गोली चलाने की धमकी दी.
इस बीच लखन लाल अपनी स्कूटी को खड़ी कर उतरे और बदमाशों के सामने अड़ गए. जिससे बदमाशों की हिम्मत टूट गई. फिर मौका पाकर लखन लाल दौड़ते हुए भागकर अपनी जान बचाई. इसके बाद तीनों बदमाश युवकों ने बाइक में सवार होकर फरार हो गए.
घटना की शिकायत करने थाने पहुंचे व्यवसायी ने बताया कि जब वह सुबह घर से होटल जाने के लिए निकले तब तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनके स्कूटी के सामने बाइक अड़ा दी. दो युवक उसमें से उतरे और एक युवक मेरा हाथ पकड़ने लगा और दूसरा मेरे गले से चैन निकालने लगा. चैन नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी. जिस पर मैं स्कूटी से उतरा और बदमाश को चुनौती देते हुए कहा कि गोली चलानी है तो चलाओ पर मैं चैन नहीं दूंगा. इतने में एक बदमाश बंदूक लोड करने लगा जबकि दूसरा बदमाश भी बंदूक निकालने लगा तब मैं चिल्लाते हुए कि कही सच में गोली न मार दे. इस वजह से भागा. मेरे शोर मचाने पर बदमाश भी भाग गए.
खबर मिलते ही सरकंडा पुलिस की फौरन घटना स्थल पहुंची और जांच शुरु की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जिसमें बाइक सवार तीन युवकों द्वारा पीड़ित को रोकते हुए नजर आ रहे हैं. एक युवक अपने चेहरे पर गमछा बांधा हुआ था. जबकि दो अन्य के हाथ में बंदूक थी. पुलिस ने पीड़ित व्यवसायी से आरोपियों का हुलिया, बाइक का विवरण और किसी अन्य संभावित जानकारी जुटा रही है. अब पुलिस वीडियो के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है.
इस मामले में सरकंडा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. पुलिस की टीम खोजबीन कर रही है. दिनदहाड़े हुई घटना से इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने और क्षेत्र में पेट्रोलिंग तेज करने की मांग की है. पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.
घटना के समय जबड़ापारा की गली सुनसान थी. आसपास कोई व्यक्ति भी आना जाना नहीं कर रहे थे. इसी दौरान तीनों बदमाश पीछा करते हुए बाइक से आए और सुनसान गली देखकर फायदा उठाते हुए घटना को अंजाम देने का प्रयास किया. फिर भी पीड़ित व्यवसायी ने चिल्लाते हुए भागे तो आवाज सुनकर लोग अपने घर से बाहर निकले। तब तक सभी आरोपी भी फरार हो गए थे.
जब तीनों बदमाशों ने व्यवसायी को घेर लिया तो बाजू के मकान के गेट के अंदर पालतु कुत्ता खड़ा था. बदमाशों की गतिविधियों को देखकर कुत्ता भौकने लगा. इसके बाद इधर-उधर दौडक़र कुत्ता जमकर भौकने लगा. इस वजह से बदमाशों की हिम्मत टूट गई और वह भाग निकले. जिससे घटना नाकाम हो गई और पीड़ित व्यवसायी सुरक्षित बच गए.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



