दैवीय शक्ति और तंत्र-मंत्र से होगी नोटों की बारिश!, मिलेंगे ढाई करोड़ रुपये, ठगी का खेल उजागर, तीन महिला समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

Divine power and witchcraft will bring a rain of notes! You will receive 2.5 crore rupees, a fraud racket has been exposed, and five accused, including three women, have been arrested.

दैवीय शक्ति और तंत्र-मंत्र से होगी नोटों की बारिश!, मिलेंगे ढाई करोड़ रुपये, ठगी का खेल उजागर, तीन महिला समेत 5 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर : न्यायधानी बिलासपुर के बिल्हा इलाके में अंधविश्वास और लालच का एक ऐसा कॉकटेल सामने आया है. जिसने पुलिस प्रशासन के भी होश उड़ा दिए. यहां पूजा पाठ तंत्र-मंत्र की आड़ में ‘कुबेर का खजाना’ लुटाने का दावा करने वाले ठगों ने मासूमों की गाढ़ी कमाई पर डाका डाल दिया. खुद को पहुंचे हुए पंडित और सिद्ध तांत्रिक बताने वाले दो पुरुषों और तीन महिलाओं के इस शातिर गिरोह ने ठगी की ऐसी कहानी लिखी कि सुनने वाले दंग रह जाएं.
गिरोह ने पीड़ितों को झांसा दिया कि उनके पास ऐसी ‘दैवीय शक्ति’ है जिससे नोटों की बारिश कराई जा सकती है. आरोपियों ने दावा किया कि अगर कोई ढाई लाख रुपये की ‘आहुति’ देता है. तो तंत्र-मंत्र के असर से उसे ढाई करोड़ रुपये में बदला जा सकता है. इस लुभावने जाल में फंसकर पीड़ितों ने अपनी जमापूंजी तांत्रिकों के हवाले कर दी. लेकिन जब पैसों की बारिश की जगह ठगी का अहसास हुआ. तब तक आरोपी अपना खेल कर चुके थे.
बिलासपुर पुलिस की गिरफ्त में आए इन शातिर जालसाजों का काम करने का तरीका किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं था. गिरोह का मास्टरमाइंड विजय राज था. जो नए शिकार ढूंढकर उन्हें चमत्कार के जाल में फंसाता था. इसके बाद ‘पंडित’ का चोला ओढ़े आरोपी पीड़ितों को बिल्हा के एक सुनसान ठिकाने पर बुलाते थे. वहां धूप-दीप और तंत्र-मंत्र का भारी भरकम तामझाम सजाकर ‘पैसों की बारिश’ का लाइव नाटक रचा जाता था. आंखों के सामने करोड़ों रुपये देखने की हसरत में लोग अंधे हो जाते थे और अपनी जेब से ढाई लाख रुपये निकाल कर इन ठगों की झोली में डाल देते थे.
प्रार्थी शिव कुमार चेरवा निवासी चर्चा थाना चर्चा जिला कोरिया (बैकुण्ठपुर) ने 3 फ़रवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई कि खुद को गुरुजी बताने वाले व्यक्ति सहित सरपंच रिखीराम नवरंग, विमला बाई, बृहस्पति बाई, बृजबाई गोड और उनके चालक विजय राज ने एक साथ मिलकर झरन/तांत्रिक क्रिया के नाम पर 2,50,000 रुपये लेकर ठगी की.
इस मामले की जांच में सामने आया है कि इस गिरोह में महिलाएं भी शामिल थीं. जो पीड़ितों को भावनात्मक रुप से भरोसे में लेने का काम करती थीं. जैसे ही ढाई लाख रुपये हाथ लगते. आरोपी चमत्कार के नाम पर समय मांगते और रफूचक्कर हो जाते.
बिल्हा थाना पुलिस ने शिकायत मिलते ही घेराबंदी कर इस गिरोह के पांचों सदस्यों को दबोच लिया है. आरोपियों से 1,85,000 रुपये बरामद हुआ है.
आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस को शक है कि यह गिरोह सिर्फ बिल्हा ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों में सक्रिय था और अब तक दर्जनों लोगों को करोड़ों का चूना लगा चुका है. पूछताछ में कई और सनसनीखेज खुलासे होने की उम्मीद है.
गिरफ्तार आरोपी:
रिखीराम नवरंग, निवासी सम्बलपुरी, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर
विजय राज, निवासी तिवरता, थाना दीपिका, जिला कोरबा
बृजबाई गोड, निवासी माचाडोली बांगो, थाना बांगो, जिला कोरबा
विमला बाई, निवासी बिंझरा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा
बृहस्पति बाई गोड, निवासी जुराली नगोई, थाना कटघोरा, जिला कोरबा
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB