छत्तीसगढ़ में 50 रुपए की जगह मिल रहा 45 हजार का बिजली बिल, नहीं जली एक भी लाइट, फिर भी अब हर महीने 10,000 का Bill
In Chhattisgarh, instead of 50 rupees, electricity bill of 45 thousand rupees is being received, not even a single light was lit, yet now a bill of 10,000 rupees is being received every month
बालोद : बालोद जिले के ग्राम जाटादाह में एक पिस्दा परिवार इन दिनों बिजली विभाग की लापरवाही और अनाप-शनाप बिजली बिल के कारण गंभीर परेशानी का सामना कर रहा है. बीते छह महीनों से इस परिवार को अंधेरे में ही जीवन यापन करना पड़ रहा है. घर में बिजली नहीं होने से छोटे-छोटे बच्चे भी चिमनी की रोशनी में पढ़ने को मजबूर हैं.
इस गरीब परिवार को पहले गरीबी रेखा के अंतर्गत विद्युत कनेक्शन मिला था. जिससे हर महीने 50 से 100 रुपये तक का बिल आता था. लेकिन अचानक मीटर बदलने के बाद बिजली बिल में भारी गड़बड़ी सामने आई. परिवार को एक महीने में 42 हजार रुपये का बिल थमा दिया गया. इतनी बड़ी रकम जमा करना इस किसान-मजदूर परिवार के लिए संभव नहीं था. देखते ही देखते यह रकम बढ़ते हुए 48 हजार रुपये तक पहुंच गई. परिवार ने जब शिकायत की तब जाकर विभाग ने बिल की रकम घटाकर 10 हजार रुपये कर दी. लेकिन रोजी-मजदूरी और खेती-किसानी से जीवन यापन करने वाले इस परिवार के लिए 10 हजार रुपये भी देना संभव नहीं हो पाया.
नतीजतन विभाग ने करीब 6 महीने पहले घर की बिजली काट दी. चौंकाने वाली बात यह है कि बिजली कनेक्शन काट दिए जाने के बाद भी हर महीने इस परिवार को 10 हजार रुपये का बिजली बिल थमाया जा रहा है. बिना बिजली के रह रहे इस परिवार को समझ नहीं आ रहा कि आखिर वे किस सेवा का भुगतान कर रहे हैं.
इस बारे में परिवार ने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों और विद्युत विभाग से शिकायत की. लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है. ऐसे में यह गरीब पिस्दा परिवार अब बिना बिजली के ही जिंदगी गुजारने को मजबूर है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



