बदले जाएंगे कई जिला और ब्लॉक अध्यक्ष, भर्ती घोटाले में गृह मंत्री इस्तीफा दें -दीपक बैज, काला झण्डा दिखाने से पहले सभी कांग्रेसी गिरफ्तार

Many district and block presidents will be changed, Home Minister should resign in the recruitment scam - Deepak Baij, all Congressmen arrested before showing black flag

बदले जाएंगे कई जिला और ब्लॉक अध्यक्ष, भर्ती घोटाले में गृह मंत्री इस्तीफा दें -दीपक बैज, काला झण्डा दिखाने से पहले सभी कांग्रेसी गिरफ्तार

प्रदेश कांग्रेस संगठन में बदलाव की लिस्ट दिल्ली में फाइनल, बदले जा रहे हैं कई जिला और ब्लॉक अध्यक्ष, आचार संहिता के पहले हो जाएगी जारी!

रायपुर : छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन में व्यापक स्तर पर बदलाव होने जा रहा है. बदलाव से संबंधित लिस्ट दिल्ली में फाइनल कर ली गई है. सूत्रों के मुताबिक खबर है कि प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से सहमति लेकर दिल्ली में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने सूची फाइनल करवा ली है.
बताया जा रहा है कि लिस्ट निकाय और पंचायत चुनाव आचार संहिता लगने से पहले ही जारी कर दी जाएगी. यानी इसी महीने के 30 और 31 तारीख तक लिस्ट जारी होने की पूरी उम्मीद है.
पार्टी सूत्रों के मुताबिक दीपक बैज की नई टीम में 12 से ज्यादा नए जिला अध्यक्ष, 15-20 से ज्यादा ब्लॉक अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री, संयुक्त सचिवों को शामिल करने जा रहे हैं. नई टीम के साथ ही जाहिर है पुराने जिला और ब्लॉक अध्यक्ष बदल जाएंगे. इसके साथ कुछ महामंत्रियों को बदलने की खबर है. बताया जा रहा कुछ महामंत्री जिलाध्यक्ष बनाए जा रहे हैं. पीसीसी की नई सूची में रायपुर और दुर्ग संभाग सर्वाधिक प्रभावित रह सकता है.
बैज की नई टीम पर सबकी नजर है. सर्वाधिक रुचि राजधानी रायपुर में होने वाले बदलाव पर है. चर्चा है कि रायपुर की टीम में बैज की मर्जी चल सकती है. खैर चर्चाएं काफी दिनों से जारी है. लेकिन जब तक लिस्ट नहीं आ जाती तब कयासों और अफवाहों का दौर चलता रहेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI

राजनांदगांव के भर्ती घोटाले में गृह मंत्री अपने पद से इस्तीफा दे -दीपक बैज

रायपुर : राजनांदगांव आरक्षक भर्ती प्रक्रिया को सिर्फ रद्द करना काफी नहीं है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि इस मामले की सीबीआई जांच के साथ राजनांदगांव के आरक्षक भर्ती घोटाला के लिये नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा इस्तीफा दे. पुलिस विभाग में भर्ती घोटाला हुआ है और पुलिस के ही अधिकारी एसआईटी के जरिए जांच करेंगे. विभाग के मंत्री गृह मंत्री जांच के आदेश दे रहे कैसे न्याय होगा? जो लोग दोषी हैं वही जांच भी करेंगे?  यह विष्णु के सुशासन में ही संभव है कि आरोपी अपनी जांच खुद करेगा. इस मामले में शामिल ठेका कंपनी को फौरन ब्लेक लिस्टेड किया जाए और इस मामले में खुदकुशी किए सिपाही की मौत के मामले की भी अलग से न्यायिक जांच करवाया जाना चाहिए.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि जब से छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आयी है. नौकरी के नाम पर वसूली के शिकायतों की बाढ़ आ गई है. सत्ता के संरक्षण में छत्तीसगढ़ में नौकरियां बेचने वाले गिरोह फल फूल रहे हैं. भाजपा की सरकार में चयनित अभ्यर्थियों की लिस्ट तो जारी होती है. लेकिन प्रक्रिया के दौरान परिणाम के अंक छिपाये जाते हैं. एस आई भर्ती इसका उदाहरण है. पुलिस भर्ती, फॉरेस्ट गार्ड, प्रयोगशाला परिचारक में नौकरी लगवाने के नाम पर कई काउंटर खुल गए हैं. मंत्रालय और संचालनालय तक में खुलेआम बोली लगाई जा रही है. रिमोट से संचालित इस सरकार में युवाओं के सरकारी नौकरी के रोजगार के अवसर को बेचा जा रहा है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि आठवीं बटालियन पेंड्री में पुलिस भर्ती प्रक्रिया में कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए मैनुअल एंट्री और रिजल्ट में गोलमाल किया गया है. आरक्षक भर्ती प्रक्रिया में गोला फेंक और ऊंची कूद को लेकर मैनुअल रजिस्टर में और रिजल्ट जारी करने में धांधली की गई है. नंबर बढ़ाने और पास करने लिए लेनदेन की भी शिकायत आई हुई है. जिले के पुलिस अधीक्षक ने कबूल किया है कि तीन हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों के अंकों में गड़बड़ी की गई है. इतने व्यापक स्तर पर संगठित घोटाले सिर्फ आरक्षक स्तर के चंद कर्मचारियों के द्वारा कारित हो. यह संभव नहीं है. साय सरकार असल गुनाहगारों को बचाने के लिये 4 आरक्षक और 2 ठेका कर्मचारियों पर कार्यवाही कर पूरी साजिश पर लीपापोती कर रही है. आरक्षक भर्ती प्रक्रिया में हुई गड़बड़ी के लिये गृहमंत्री विजय शर्मा अपने पद से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI

राज्यपाल को काला झण्डा दिखने की कोशिश में दर्जनों यूथ कांग्रेसी गिरफ्तार

बिलासपुर : बिलासपुर जिले में कोनी स्थित अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय  कुल उत्सव समारोह में शिरकत करने पहुंचे केरल राज्यपाल  को काला झण्डा  दिखाने के पहले ही एनएसयूआई और युवा कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
केरल राज्यपाल मोहम्मद आरिफ कुल उत्सव समापन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बिलासपुर पहुंचे थे. लेकिन कांग्रेस की एनएसयूआई और यूथ विंग ने कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया को कार्यक्रम में नहीं बुलाये जाने को नाराजगी जाहिर किया है. हुण्डई चौक में राज्यपाल को काला झण्डा दिखाने से पहले ही अमितेष राय और लक्की मिश्रा समेत एक दर्जन को गिरफ्तार कर लिया.
अटल बिहारी वाजपेयी कुल उत्सव समापन समारोह में मुख्य अतिथि राज्यपाल केरल आरिफ मोहम्मद खान समेत कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे केन्द्रीय मंत्री तोखन साहू की विशेष उपस्थिति होगी। साथ ही अतिविशिष्ट अतिथियों में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ,विधायक अमर अग्रवाल, विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक धरमजीत सिंह, विधायक सुशांत शुक्ला को भी आमंत्रित किया गया है ।
इस कार्यक्रम में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया को आमंत्रित नहीं किया गया. इस बात को लेकर एनएसयूआई और .यूथ कांग्रेस ने नाराजगी जाहिर किया.
विरोध में सुबह करीब साढ़े दस बजे हुण्डई चौक पर शशांक, एनएसयूआई नेता लक्की मिश्रा और युवा कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अमितेष राय की अगुवाई में दर्जनों विद्यार्थी और यूथ नेताओं ने हुण्डई चौक में विरोध प्रदर्शन किया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI