दिव्यांग मूक-बधिर युवती से दुष्कर्म, 48 घंटे में आरोपी दीपक पटेल गिरफ्तार, विशेष शिक्षिका की मदद से दर्ज किया गया पीड़िता का बयान
Rape of a differently-abled deaf-mute young woman; accused Deepak Patel arrested within 48 hours; victim's statement recorded with the help of a special educator.
मुंगेली : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में मूक-बधिर दिव्यांग युवती के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. लोरमी पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर आरोपी दीपक पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया. यह मामला लोरमी थाना क्षेत्र के ग्राम अमलडीही का है.
अमलडीही गांव में हुई थी घटना
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता की मां ने 9 जुलाई 2026 को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी दोनों हाथ-पैर से दिव्यांग है. बोल नहीं सकती और सुनने में भी असमर्थ है. वह इशारों के जरिए बातचीत करती है. घटना वाले दिन सुबह करीब 8:30 बजे पीड़िता घर के आंगन में बैठी हुई थी. इसी दौरान गांव का रहने वाला आरोपी दीपक पटेल घर पहुंचा और लोहे के गेट को अंदर से बंद कर पीड़िता के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया.
पुलिस ने फौरन शुरू की जांच
पुलिस ने फौरन जांच शुरू कर दी. पीड़िता की मां की शिकायत पर लोरमी थाना में अपराध क्रमांक 287/26 दर्ज किया गया. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 64(2)(के), 115(2) और 332(सी) के तहत कार्रवाई की गई.
विशेष शिक्षिका की मदद से दर्ज कराया बयान
जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कराया. चूंकि पीड़िता मूक-बधिर है. इसलिए सत्य साईं हेल्प वे मूक-बधिर आवासीय विद्यालय एवं प्रशिक्षिका केंद्र मुंगेली की विशेष शिक्षिका की मदद से द्विभाषिया के जरिए उसका बयान दर्ज कराया गया. इसके अलावा पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल चेकअप कराया और घटना से जुड़े अहम सबूत जुटाए. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले.
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया जुर्म
पुलिस ने आरोपी दीपक पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना के समय जुर्म करना कबूल किया. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
गिरफ्तार आरोपी
दीपक पटेल पिता राजाराम पटेल उम्र 26 वर्ष निवासी अमलडीही, थाना लोरमी, जिला मुंगेली छत्तीसगढ़
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



