शराब पीने के दौरान हुआ मामूली विवाद, दोस्तों ने मिलकर युवक को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, घंटों के भीतर छह आरोपी गिरफ्तार

A minor dispute erupted during a drinking session, and friends beat a young man to death. Six suspects were arrested within hours.

शराब पीने के दौरान हुआ मामूली विवाद, दोस्तों ने मिलकर युवक को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, घंटों के भीतर छह आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. शुक्रवार देर रात शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद ने एक बड़ी और घातक रुप ले लिया. जिसमें दोस्तों ने मिलकर रोहित महंत नाम के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए. लेकिन चांपा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक के परिचित प्रमोद कुर्रे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 नवंबर की रात करीब 8 बजे सागर कर्ष और उसके साथी घोघरा नाला स्थित रवि चतुर्वेदानी की किराना दुकान के पास शराब पी रहे थे. इसी दौरान शराब के नशे में सागर और उसके साथियों के बीच गाली-गलौज और झगड़ा होने लगा. उसी समय रोहित महंत भी वहां आया और सागर कर्ष को गंदी-गंदी गालियां देने लगा.
बात बढ़ने पर सागर ने रोहित को 3-4 थप्पड़ मार दिया. मारपीट होते देख रोहित वहां से भाग गया और मामला यहीं खत्म हो सकता था. लेकिन कुछ देर बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया. झगड़े के बाद सागर कर्ष अपने साथी नागेश्वर नायडू, अश्वनी सतनामी, विजय श्रीवास, विनय कुर्रे और आकाश उर्फ अज्जू साहू के साथ नदी किनारे मुक्तिधाम के पास बैठा था. करीब 9:30 बजे रोहित महंत फिर से वहां पहुंचा और सागर और उसके दोस्तों पर फिर से गालियां बरसाने लगा. इससे माहौल फिर तनावपूर्ण हो गया और विवाद दोबारा बढ़ा.
रोहित द्वारा बार-बार गाली देने से खफा होकर सागर कर्ष और उसके साथियों ने एक राय होकर रोहित पर हमला करने का फैसला लिया. नागेश्वर, अश्वनी, विजय, विनय और आकाश ने रोहित के हाथ-पैर मजबूती से पकड़ लिया. जबकि सागर कर्ष ने उसे डंडे से सिर पर जोरदार जमला किया. डंडा लगते ही रोहित जमीन पर गिर गया और अचेत हो गया.
इतना ही नहीं, अचेत रोहित को देखकर भी आरोपियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ. सागर ने अपने साथियों की मदद से रोहित का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी. हत्या को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी रात के अंधेरे में मौके से फरार हो गए. पुलिस को वारदात की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया.
वारदात की गंभीरता को देखते हुए इसकी खबर तुरंत पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और एसडीओपी यदुमणी सिदार को दी गई. वरिष्ठ अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिया.
चांपा थाना प्रभारी की अगुवाई में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर रात भर छापेमारी की और अलग-अलग स्थानों से सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की. लेकिन सख्ती बरतने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने मुख्य आरोपी सागर कर्ष के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल डंडा भी जब्त कर लिया है. सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
यह वारदात न सिर्फ शराब के नशे में होने वाले अपराधों की भयावहता को दर्शाती है. बल्कि यह भी बताती है कि छोटी सी बहस किस तरह जानलेवा बन सकती है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
आरोपी
सागर कर्ष पिता छतराम कर्ष, उम्र 27 साल
नागेश्वर नायडू पिता राजू नायडू, उम्र 23 साल
अश्वनी कुमार सतनामी पिता लक्ष्मी प्रसाद सतनामी, उम्र 24 साल
विजय श्रीवास पिता नर्मदा श्रीवास, उम्र 25 साल
विनय कुर्रे पिता ललित कुर्रे, उम्र 29 साल
आकाश उर्फ अज्जू साहू पिता गोपाल साहू, उम्र 25 साल
सभी आरोपी घोघरा नाला क्षेत्र के निवासी हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t