स्कूली छात्र की तेज रफ्तार बाइक ने दंपत्ति को रौंदा, युवक घायल, नाबालिग छात्रों की स्टंटबाजी बनी हादसे की वजह, स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल
A school student's high-speed bike ran over a couple, injuring a young man. The accident was caused by stunts by minor students, raising questions about the school management.
खैरागढ़ : खैरागढ़ जिला पुलिस द्वारा लगातार यातायात जागरुकता अभियान चलाकर स्कूली बच्चों को नियमों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है. लेकिन इसके विपरीत जिला शिक्षा विभाग की उदासीनता इन प्रयासों को कमजोर करती नजर आ रही है. पुलिस अधिकारी स्कूलों में पहुंचकर बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन न चलाने, हेलमेट पहनने और स्टंट या तेज रफ्तार से बचने की हिदायत दे रहे हैं., लेकिन जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का पालन होता नहीं दिख रहा है.
जिले के कई स्कूलों, विशेषकर आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, खैरागढ़ में रोजाना नाबालिग छात्र बाइक से स्कूल आते-जाते देखे जा रहे हैं. एक ही बाइक पर तीन से चार छात्र सवार रहते हैं और ज्यादातर बिना हेलमेट के तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं. जिससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है.
चिंताजनक बात यह है कि यह हालत जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी के कार्यालय के सामने भी देखने को मिलती है. इसके बावजूद शिक्षा विभाग की तरफ से अब तक कोई ठोस कार्रवाई या निर्देश सामने नहीं आए हैं. स्कूल प्रबंधन पर भी किसी तरह का प्रभावी नियंत्रण नजर नहीं आ रहा है.
इसी बीच आज एक हादसे ने हालात की गंभीरता को उजागर कर दिया. गुरुवार शाम करीब 4 बजे शुभम के मार्ट के सामने आत्मानंद स्कूल खैरागढ़ में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं के तीन नाबालिग छात्र तेज रफ्तार बाइक से जा रहे थे. नगर के अटल चौक के पास सड़क पार कर रहे बाइक सवार दंपत्ति को तेज रफ्तार बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी.
बाइक 10वीं कक्षा में अध्ययनरत एक नाबालिग छात्र चला रहा था. जिसके साथ दो अन्य साथी सवार थे. हादसे में विकास सिंह उम्र 42 साल को सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उनकी पत्नी राजेश्वरी सिंह भी घायल हुईं. उसे फौरन प्राइवेट वाहन से खैरागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. जहां सिर में पांच टांके लगाए गए. हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया.
हादसे के बाद शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नाबालिग छात्रों के बाइक से स्कूल आने की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. स्कूल के सामने नियमों की अनदेखी होती रही है. लेकिन न तो अभिभावकों को नोटिस दिया गया और न ही सख्ती बरती गई.
हादसे के बाद खैरागढ़ थाना प्रभारी अनिल शर्मा ने सख्त रुख अपनाते हुए तीनों नाबालिग छात्रों के परिजनों को थाने बुलाया और आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य अनुराग सिंह को भी फटकार लगाई. थाना प्रभारी ने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना गंभीर अपराध है. और इसमें लापरवाही बरतने वालों की जिम्मेदारी तय की जाएगी. फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे आवश्यक कार्रवाई की बात कही गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



