जनमन योजना के तहत आंगनबाड़ी भर्ती में भ्रष्टाचार, चयन के लिए मांगे गए लाखों रुपए, अभ्यर्थियों के साथ हो रहा अन्याय, होगी जांच

Corruption in Anganwadi recruitment under Janman Yojana, lakhs of rupees demanded for selection, injustice being done to the candidates, investigation will be done

जनमन योजना के तहत आंगनबाड़ी भर्ती में भ्रष्टाचार, चयन के लिए मांगे गए लाखों रुपए, अभ्यर्थियों के साथ हो रहा अन्याय, होगी जांच

कबीरधाम : कबीरधाम जिले में जनमन योजना के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका भर्ती में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है. तरेगांव और कुकदुर परियोजना क्षेत्रों में चल रही यह भर्ती प्रक्रिया अब घोटाले का रुप लेती दिख रही है. जहां चयन के नाम पर खुलेआम पैसों की मांग के आरोप लग रहे हैं. इस मामले ने जिले के प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया है.
तरेगांव परियोजना के अंतर्गत मुड़घुसरी मैदान के बंजरिहा गांव की आदिवासी युवती गीता मेरावी ने आरोप लगाया कि परियोजना अधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद पर चयन के लिए 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी. गीता ने किसी तरह 50 हजार रुपए का भुगतान किया और बाकी रकम नियुक्ति के बाद देने का वादा किया.
उसका चयन हुआ और नियुक्ति आदेश भी जारी हो गया. लेकिन जब वह बाकी रकम देने में असमर्थ रही तो उसकी नियुक्ति रद्द कर दी गई और दूसरी अभ्यर्थी को पद दे दिया गया. अब पीड़िता ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और इंसाफ की गुहार लगाई है.
कुकदुर क्षेत्र में भी रिश्वतखोरी के आरोप
इसी तरह कुकदुर परियोजना क्षेत्र से भी भ्रष्टाचार की शिकायतें आई हैं. अभ्यर्थियों का कहना है कि चयन के नाम पर उनसे 1 लाख से 1.5 लाख रुपए तक की रिश्वत मांगी जा रही है.
आरोप है कि एक महिला जनपद सदस्य का पति शिक्षक है. विभिन्न गांवों में जाकर अभ्यर्थियों से पैसों की मांग कर रहा है और पैसा नहीं देने पर चयन रद्द करने की धमकी दे रहा है.
कबीरधाम आंगनबाड़ी भर्ती घोटाला क्या है?
जनमन योजना में घोटाला: जनमन योजना के तहत तरेगांव और कुकदुर परियोजना क्षेत्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका पदों पर चयन के लिए लाखों रुपये रिश्वत मांगे जाने के गंभीर आरोप लगे हैं.
पीड़िता का मामला: बंजरिहा गांव की आदिवासी युवती गीता मेरावी ने 50 हजार रुपये देने के बावजूद बाकी रकम न दे पाने पर अपनी नियुक्ति रद्द होने का आरोप लगाया.
वायरल ऑडियो सबूत: एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई है. जिसमें कथित रुप से परियोजना अधिकारी और सहयोगी पैसे मांगते सुनाई दे रहे हैं.
कलेक्टर की कार्रवाई: घोटाले के खुलासे के बाद कलेक्टर ने जांच टीम गठित कर दी है और मामले की गंभीरता से जांच का भरोसा दिया है.
पंचायत का विरोध: जनपद पंचायत पंडरिया की बैठक में घोटाले को लेकर हंगामा हुआ और जिला स्तर पर उच्च स्तरीय जांच का प्रस्ताव पारित किया गया.
पंचायत बैठक में हंगामा, उच्च स्तरीय जांच की मांग
मामले ने तूल पकड़ लिया है. जनपद पंचायत पंडरिया की सामान्य सभा में भर्ती घोटाले को लेकर जमकर हंगामा हुआ. बैठक में जिला स्तर पर उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया है.
अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी तेजी और निष्पक्षता से कार्रवाई करता है. ताकि गरीब और आदिवासी वर्ग के साथ इंसाफ हो सके और भ्रष्टाचार पर रोक लगे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t