बंटवारे की बात बनी खूनी खेल:  जमीन विवाद में बड़े भाई की ली जान, गैती से हमला कर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार, गांव में शोक और दहशत का माहौल

Dispute over land division turns deadly: Elder brother killed in a land feud; attacked with a pickaxe and done to death. Accused arrested; atmosphere of grief and panic in the village.

बंटवारे की बात बनी खूनी खेल:  जमीन विवाद में बड़े भाई की ली जान, गैती से हमला कर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार, गांव में शोक और दहशत का माहौल

बेमेतरा : पारिवारिक विवाद में खूनी वारदात को सिटी कोतवाली थाना इलाके में अंजाम दिया गया. मामूली विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई का कत्ल बड़ी ही बेरहमी से कर दिया. वारदात को अंजाम देने के लिए छोटे भाई ने खेती के काम में आने वाले औजार गैती का इस्तेमाल किया. हत्या की इस वारदात से पीड़ित परिवार में गम का माहौल है. वहीं गांव के लोग दहशत में हैं. किसी को भी भरोसा नहीं हो रहा है कि छोटे से विवाद में छोटे भाई ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया.
छोटे भाई ने किया बड़े भाई का कत्ल
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को दोपहर के वक्त दोनों भाइयों जलेश्वर साहू और प्रदीप साहू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. बहस से शुरु हुआ ये विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया.  गुस्से में आपा खो चुके जलेश्वर ने पास ही रखी गैती उठाई और अपने सगे बड़े भाई प्रदीप पर एक के बाद एक कई ताबड़तोड़ वार कर दिया. हमला इतना जोरदार और बेरहमी से किया गया कि प्रदीप को संभलने का मौका तक नहीं मिला और ज्यादा खून बह जाने की वजह से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
ग्राम कोटवार ने दी वारदात की खबर
वारदात की खबर जैसे ही गांव के कोटवार को मिली उसने बिना वक्त गंवाए फौरन सिटी कोतवाली पुलिस को इसकी खबर दी. हत्याकांड की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. बेमेतरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम भारी बल के साथ मौके पर रवाना किया गया. पुलिस ने घटनास्थल को सील कर बारीकी से फॉरेंसिक और वैज्ञानिक सबूत जुटाए. ग्रामीणों की मौजूदगी में शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया.
फरार होने की कोशिश में था आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई जलेश्वर साहू उम्र 23 साल मौके से भागने की फिराक में था. लेकिन सिटी कोतवाली पुलिस की मुस्तैदी के चलते आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. शुरुआती पूछताछ और जांच में हत्या की असल वजह गंभीर पारिवारिक विवाद सामने आ रही है. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और वारदात में इस्तेमाल हथियार (गैती) को भी जब्त किया गया. आरोपी जलेश्वर साहू, निवासी ग्राम ढारा को विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t