जमीन विवाद में किसान को उतारा मौत के घाट, खेत में पीटने के बाद ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप, 8 आरोपी गिरफ्तार, वाहन जब्त, इलाके में आक्रोश का माहौल

Farmer killed in land dispute; accused of beating him in the field and then running him over with a tractor. Eight accused arrested, vehicle seized; outrage prevails in the area.

जमीन विवाद में किसान को उतारा मौत के घाट, खेत में पीटने के बाद ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप, 8 आरोपी गिरफ्तार, वाहन जब्त, इलाके में आक्रोश का माहौल

अंबिकापुर/बतौली : सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरई-सिलमा गांव में रविवार को जमीन विवाद ने खूनी रुप ले लिया. विवादित कृषि भूमि पर कब्जे और जुताई को लेकर हुए संघर्ष में एक किसान की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर जब्त कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक सिलमा निवासी होसराम पैकरा उम्र 60 साल और पथरई निवासी बजरंग पैकरा के बीच करीब 6.30 एकड़ कृषि भूमि के स्वामित्व और नामांतरण को लेकर कई साल से विवाद चल रहा था. यह मामला राजस्व न्यायालय में लंबित बताया जा रहा है. दोनों पक्ष उक्त भूमि पर अपना-अपना अधिकार जता रहे थे.
बताया गया है कि रविवार को एक पक्ष खेत में जुताई-बुआई के लिए पहुंचा. इसकी खबर मिलने पर होसराम पैकरा अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और जुताई का विरोध किया. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरु हो गई. आरोप है कि दूसरे पक्ष के 7 से 8 लोगों ने होसराम और उनके परिजनों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की.
चश्मदीदों के मुताबिक मारपीट के दौरान होसराम पैकरा जमीन पर गिर पड़े. जिसके बाद आरोपी पक्ष के एक युवक ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया. गंभीर चोटों की वजह से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई.
खबर मिलते ही सीतापुर एसडीओपी राजेंद्र मंडावी, बतौली थाना प्रभारी विवेक सेंगर सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने आरोपी भुवनेश्वर, बजरंग, उमेश, मनोज, रघुनंदन, बोधन, कमली और प्यारी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है. ट्रैक्टर चालक उमेश को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है.
मृतक के परिजनों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर पहले से तनाव की आशंका थी और इस बारे में कुछ दिन पहले थाना बतौली में आवेदन देकर सुरक्षा की मांग भी की गई थी. इसके बावजूद विवाद हिंसक रूप ले बैठा.
बताया जा रहा है कि विवादित जमीन मूलत: कामेश्वरी के नाम दर्ज थी. उनके नि:संतान होने और भरण-पोषण की जिम्मेदारी धनेश्वरी द्वारा निभाए जाने के आधार पर जमीन का वसीयतनामा धनेश्वरी के पक्ष में किए जाने का दावा किया जा रहा है. वहीं दूसरे पक्ष द्वारा भी जमीन पर स्वामित्व का दावा किया जा रहा है. जिसके चलते नामांतरण संबंधी मामला लंबे समय से लंबित है. पुलिस ने हत्या सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t