दलाल गिरोह का पर्दाफाश, मरीजों को गुमराह कर प्राइवेट अस्पताल भेजने की कोशिश, पुलिस ने आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर भेजा जेल
A gang of brokers was exposed, attempting to mislead patients and send them to private hospitals. Police arrested the accused Abhishek and sent him to jail.
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में बुधवार की सुबह स्वास्थ्य सेवा के नाम पर चल रही एक बड़ी साजिश का भंडाफोड़ हुआ. प्राइवेट अस्पतालों से जुड़े एक दलाल को सिम्स परिसर में मरीजों को गुमराह करते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया. आरोपी मरीजों से झूठ बोलकर उन्हें “बाहर सस्ता इलाज” दिलाने का लालच दे रहा था.
मिली जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 6 बजे टाइज वार्ड में मौजूद मरीजों ने देखा कि एक व्यक्ति लगातार उनसे इलाज को लेकर बहसबाजी कर रहा है. शक होने पर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी. पूछताछ में आरोपी ने खुद को अभिषेक निर्मलकर बताया. जांच में यह साफ हुआ कि वह सिम्स का कर्मचारी नहीं. बल्कि प्राइवेट अस्पतालों के लिए दलाली का काम करता है.
सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को सुरक्षा सुपरवाइजर लघु शर्मा के सुपुर्द किया. इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस को खबर दी गई. आरोपी को पुलिस के हवाले कर कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया.
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि मरीजों के हित सर्वोपरि हैं. किसी भी बाहरी व्यक्ति द्वारा गुमराह करने या इलाज में बाधा डालने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सुरक्षा टीम की सतर्कता सराहनीय है.
वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि हर दिन हजारों मरीज इलाज के लिए आते हैं. दलालों की ऐसी हरकतें गंभीर अपराध है. प्रशासन ने सख्त निगरानी शुरु कर दी है और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई होगी.
सुरक्षा सुपरवाइजर लघु शर्मा ने बताया कि सिम्स की सुरक्षा टीम हर वार्ड में नियमित गश्त कर रही है. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को पहचानते ही फौरन कार्रवाई की जाती है. हम नहीं चाहते कि मरीजों का भरोसा किसी कीमत पर टूटे.
सिम्स प्रशासन ने नागरिकों और मरीजों के परिजनों से अपील किया कि अगर अस्पताल परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति या दलाल जैसी हरकत दिखे तो फौरन सुरक्षा कर्मियों या प्रशासन को खबर करें.
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि मरीजों की ज़िंदगी पर मंडराने वाले ये दलाल आखिर कब तक अस्पतालों में घूमते रहेंगे? सिम्स की सुरक्षा टीम ने भले एक दलाल को पकड़ लिया. लेकिन यह कार्रवाई अब एक चेतावनी बन गई है. स्वास्थ्य सेवा में दलाली अब नहीं चलेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



